पलवल. जिला परिषद की बुधवार को पंचायत भवन में विशेष बैठक हुई। अध्यक्षता चेयरपर्सन अकबरी खां ने की। बैठक में जिले में मनरेगा योजना के लिए वर्ष 2012-13 के लिए कुल 921 कार्यो के लिए 13 करोड़ 92 लाख नौ हजार रुपए का बजट पार्षदों की सहमति से पास किया गया। बैठक में एडीसी एनके सोलंकी ने बताया कि मनरेगा योजना के तहत बजट के लिए सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों की ओर से एस्टीमेट तैयार किए गए थे। इसके बाद पलवल खंड के कुल 133 विकास कार्यो के लिए 4 करोड़ 40 लाख 40 हजार रुपए , होडल खंड के लिए 150 विभिन्न विकास कार्यो के लिए 2 करोड़ रुपए, हथीन खंड के लिए 328 कार्यो के लिए 6 करोड़ तथा हसनपुर खंड के लिए 210 विकास कार्यो के लिए एक करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपए के बजट का प्रावधान किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद के उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी ईश्वर सिंह कादियान ने बताया कि इस बजट में मनरेगा योजना के तहत गांवों में भूमि सुधार, तालाबों की खुदाई, पौधरोपण, बाढ़ नियंत्रण उपाय, जलसंरक्षण, रास्तों में मिट्टी भराने तथा स्कूलों में मिट्टी का भरत करने जैसे कार्य किए जाएंगे। बैठक में पार्षदों ने बजट को अच्छा बताते हुए उम्मीद जताई कि मनरेगा के तहत सभी पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा विकास कार्य हो सकेंगे।
बैठक में जिला परिषद के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कर्ण सिंह, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक घनश्यामदास, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी दिनेश उपाध्याय, विभिन्न ब्लॉकों के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मौजूद थे।