एमपी के 'बेटे' को पीट-पीटकर मार डाला!
Source: bhaskar news | Last Updated 05:21(08/02/12)
भिवानी . सेक्टर 13 और 23 की ओर झुग्गी बनाकर रह रहे मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर के खैरी निवासी 25 साल के युवक अरविंद की मध्य प्रदेश के ही दो युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार दोपहर की है। अरविंद पिछले कई सालों से यहां मजदूरी करते हुए पत्नी और दो बेटियों के साथ रह रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस बारे में मध्यप्रदेश के पत्थरगुआं निवासी हुकमचंद ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मैं सेक्टर की ओर गया था। वहां एक पार्किग की जगह पर अरविंद गिरा पड़ा मिला। मैंने उसे इस हाल में देख इसका कारण पूछा तो उसने मुझे कहा कि मुझे भग्गी और मंगतू ने लात, घूंसे मारते हुए पीटा है। इस कारण मेरी हालत खराब हुई है।
हुकमचंद ने बताया कि इसके बाद मैंने अपने अन्य साथियों को वहां बुलाकर अरविंद को अस्पताल ले जाने का प्रबंध किया। मगर तब तक वह बेहोश हो चुका था। उन्होंने बताया कि इसके बाद हम उन्हें लेकर अस्पताल आए तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में इसकी सूचना सेक्टर 13 चौकी इंचार्ज एसआई संतोष को दी गई। सूचना मिलने पर वे भी अस्पताल पहुंच गई। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।