लफ्जों से नहीं, गुलाब से प्यार का इजहार
Source: bhaskar news | Last Updated 07:48(08/02/12)
रोहतक. कुछ लोग अपने प्यार को रुला देते है, कितने भी अनमोल हो भूला देते है.. प्यार निभाना हो तो गुलाब से सीखो, जो खुद टूट कर दो दिलों को मिला देते हैं.. शायर की जुबां से निकले यह लफ्Êा बिल्कुल सटीक बैठते हैं, क्योंकि जब बात प्यार के इजहार की हो तो गुलाब से बेहतर विकल्प हो ही नहीं सकता है। गुलाब बहुत सहज तरीके से प्यार की भावनाओं को उन तक पहुंचा देता है, जिनके आने से कई बार जुबां लडख़ड़ाने लगती है।
मंगलवार को शुरु हुए वेलेंटाइन वीक के फस्र्ट डे यानि रोज डे को शहर के युवाओं ने कुछ इसी अंदाज से मनाया। रोज डे पर गुलाबों की मांग ज्यादा होने के कारण शहर में इनकी रिकार्ड तोड़ बिक्री हुई। फूल विक्रेताओं के अनुसार आम दिनों में जहां शहर में रोजाना 10 से 15 हजार के करीब गुलाब बिकते हैं, वहीं रोज डे पर लगभग 20 से 25 हजार गुलाबों की बिक्री हुई है।
छुट्टी ने मजा किया दोगुना
प्यार का इजहार और इकरार करने के पहले दिन को न केवल लव बर्डस ने बल्कि दोस्तों ने भी खूब मनाया। इस दिन तिलियार झील, सेक्टर एक स्थित देवीलाल पार्क, एमडीयू का रोज गार्डन, मॉडल टाउन स्थित डबल पार्क, मानसरोवर पार्क आदि में युवाओं की काफी भीड़ देखने को मिली। मॉडल टाउन स्थित गिफ्ट गैलरी पर रोज लेने आए शशांक ने बताया कि गत वर्ष रोज डे पर कॉलेज से लेक्चर बंक किए थे, लेकिन मंगलवार को हुई छुट्टी ने रोज डे का मजा दोगुना कर दिया। आकांक्षा और रुचिका ने बताया कि वे दोनों लगातार चार वर्षो से यह डे मना रहीं हैं।