रातों-रात काट दिया शटर का इंटर लॉक, पांच लाख कर दिए पार

पानीपत. शहर के एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम से 5 लाख रुपए का सामान चोरी हो गया। चोरों ने शटर का इंटर लॉक काटा और सामान व पैसे समेट कर भाग गए। सनौली रोड स्थित गुलशन इलेक्ट्रॉनिक नाम के शोरूम में यह वारदात रविवार रात को हुई।
शोरूम के मालिक सेक्टर 11 के रहने वाले गुलशन चानना शनिवार रात को सवा नौ बजे शोरूम बंद करके घर चले गए थे। सोमवार सुबह उनका बेटा विवेक शोरूम पर पहुंचा तो शटर का इंटर लॉक कटा हुआ था। 8 एलसीडी, 2 प्लाजमा, वाशिंग मशीन, तार व गल्ले से 25 हजार रुपए गायब थे।
थाना चांदनी बाग प्रभारी रामकुमार ने बताया कि रविवार को भी शोरूम कुछ देर के लिए खोला गया था। इस केस में कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। चोरी की ऐसी वारदातों में जो अपराधी शामिल रहे हैं और अब वे जेल से बाहर हैं, उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
चोरों के निशाने पर शोरूम
शहर में चोरों के निशाने पर बड़े इलेक्ट्रॉनिक शोरूम हैं। चोरों ने 18 नवंबर को वेस्ट होटल के पास स्थित श्री गीता इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में करीब 20 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया था।
22 दिन में चोरों ने एक दूसरे इलेक्ट्रॉनिक शोरूम से माल उड़ा लिया। इन वारदातों से इलेक्ट्रानिक शोरूम के संचालक सकते में हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि गश्त और बढ़ाई जाएगी, ताकि सर्दियों में चोर वारदात को अंजाम न दे सकें।
बढ़ रहीं सिलसिलेवार वारदात
पिछले साल शहर में अक्टूबर से 10 दिसंबर तक चोरी की पांच वारदात हुई थी, जबकि इस बार 14 चोरी की वारदात हो चुकी हैं।
20 अक्टूबर को मॉडल टाउन के शांति नगर में ठेकेदार नरेश गिल के मकान में 23 लाख रुपए की चोरी
27 अक्टूबर को शांति नगर में गुरविंद्र के घर से आठ तोले के जेवर चोरी।
9 नवंबर को मॉडल टाउन के योगेश अरोड़ा के घर से सोने के जेवर व कैश लूटा।
16 नवंबर को न्यू दीवार नगर में गौरव के मकान से 20 तोले के सोने के जेवर चोरी।






