समालखा. पानीपत में बिजली की प्रसारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अगले तीन साल में 17 नए सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें से 9 सब स्टेशनों का निर्माण कार्य वित्त वर्ष 2012-13 में पूरा हो जाएगा। यह जानकारी राज्य के बिजली मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने गांव छदिया युसुफपुर, देहरा, आट्टा, माच्छरौली और बबैल में 33 केवी सब स्टेशनों का शिलान्यास करने के बाद कही।
सरकार ने काबड़ी, सींक और औद्योगिक क्षेत्र पानीपत में 132 केवी सब स्टेशनों का निर्माण प्रारंभ कर दिया है। इनके अतिरिक्त बाबरपुर, हल्दाना, नोहरा, लघु सचिवालय पानीपत, नुरपूर मुगलान, औद्योगिक क्षेत्र माडल टाउन, सनौली कलां, सींक और पुराना औद्योगिक क्षेत्र पानीपत में भी नए 33केवी सब स्टेशनों का निर्माण सरकार ने स्वीकृत किया है। पानीपत ग्रामीण के विधायक ओमप्रकाश जैन, बिजली निगम के निदेशक एनके जैन आदि मौजूद थे।