राई स्पोर्ट्स स्कूल में रैगिंग का खौफ, स्कूल की परीक्षा रद्द

सोनीपत।शुक्र है कि कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल राई से गुरुवार रात को भागे सभी 40 विद्यार्थियों को सकुशल बरामद कर लिया। जब पुलिस अधिकारियों ने खेवड़ा गांव की खेतों में छुपे बच्चों को बरामद किया तो सबसे पहले उन्होंने खाना मांगा। इसके बाद अपने दिल का दर्द बताया। सभी बच्चे अपने सीनियर्स की पिटाई (रैगिंग) की धमकी से खौफजदा थे और इसीलिए भागे थे। सुबह किसी तरह से समझा-बुझाकर पुलिस ने बच्चों को स्कूल में भेजा।
इसके बाद पुलिस, प्रशासन व स्कूल प्रबंधन की सांस में सांस आई। वहीं, शुक्रवार को स्कूल में होने वाली परीक्षा को रद्द कर दिया गया। जब इतनी संख्या में एक साथ स्पोर्ट्स स्कूल से बच्चे भागने की सूचना मिली तो पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने एसएचओ के अलावा डीएसपी को एसडीएम के साथ भेजा।
पुलिस ने रात को गांवों के खेतों में तलाश की। जब पुलिस खेवड़ा गांव के खेतों में टार्च से सर्च कर रही थी, तभी खाल में लेटे एक बच्चे की कमर दिख गई। उससे बाहर आने को कहा गया। इस पर सभी बच्चे सड़क पर आ गए। एसएचओ सुल्तान सिंह ने बताया कि बच्चे बहुत भूखे थे। उन्होंने सबसे पहले खाने की मांग की। इस पर उन्हें खाना खिलाया गया। इसके बाद उनसे भागने का कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि 12वीं के बच्चों ने उन्हें रात को रैगिंग (पिटाई) की धमकी दी थी। बेरहमी से होने वाली पिटाई से बचने के लिए वे खेल के मैदान में जाते समय भूखे ही स्कूल से भाग गए।
बच्चे भूखे थे और अधिकारी चटखारे ले रहे थे
स्पोर्ट्स स्कूल से बच्चे भूखे पेट ही भाग गए थे। इसकी जानकारी स्कूल के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा टीचरों को भी दी थी। इस पर शायद इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। यही कारण रहा कि स्कूल के कई अधिकारी व कर्मचारी होटल कुबेर में स्व. पं. चिरंजीलाल के जन्मदिन पर आयोजित मुशायरे में शायरी के साथ लजीज व्यंजनों का आनंद उठा रहे थे। जब एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें टोका तब उन्हें होश आया और खेल स्कूल में भागे।
स्कूल प्रशासन ने उठाए सख्त कदम सीनियर्स की पिटाई के डर से बच्चों के भागने की घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। स्कूल के प्रिंसिपल डायरेक्टर कैप्टन वीके वर्मा ने बताया कि जूनियर्स को धमकी देने वाले तीनों सीनियर्स को स्कूल से निकाल दिया गया, साथ ही यह जांच की जा रही है कि इसमें किसी और की संलिप्तता तो नहीं है। कुछ और सीनियर्स पर निगाह रखी जा रही है। हॉस्टल में सीनियर्स जूनियर्स को अलग-अलग कर दिया गया है।
यह है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों की मानें तो स्कूल में कुछ दिन पहले एक जूनियर की सीनियर ने पिटाई कर दी थी। इसकी शिकायत की गई तो पांच सीनियर पर कार्रवाई हुई। इससे सीनियर काफी नाराज हैं। उन्होंने गुरुवार को जूनियर्स को धमकी दी थी कि हॉस्टल में रात को उनकी पिटाई की जाएगी। इससे वे काफी घबरा गए थे।
इस शख्स का है भगत सिंह से संबंध, खतरे में है इनकी जान







