सब्जी खरीद रहे थे सरपंच जी, तभी आए बंदूकधारी बदमाश और...ठांय

बल्लभगढ़. खेड़ी पुल के पास मंडी में सब्जी लेने आए फरीदपुर गांव के सरपंच पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली सरपंच के हाथ में लगी। वारदात के बाद बदमाश बड़े आराम से पिस्तौल लहराते हुए भाग निकले।घायल सरपंच को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया हे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदपुर गांव के सरपंच दयाचंद शनिवार शाम को खेड़ी पुल के समीप लगने वाली मंडी में आए थे।यहां उन्होंने अपनी कार को एक तरफ पार्क कर दिया और मंडी की ओर चले गए। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक वहां आए। बाइक से दो युवक उतर कर सरपंच की ओर बढ़े, एक युवक बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा।
दोनों युवकों ने सरपंच के समीप पहुंचकर अचानक उन पर फायर कर दिया। सरपंच ने किसी प्रकार अपने आपको बचाने का प्रयास किया, लेकिन गोली उनके हाथ में लग गई। फायरिंग की आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों को एकत्रित होता देख फायरिंग करने वाले दोनों बदमाश भाग कर बाइक पर बैठ गए और हवा में पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सरपंच को उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि हमलावर बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। सरपंच पर गोली चलाए जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की तहकीकात की जा रही है।







