फरीदाबाद. बिजली चोरी से लगातार घाटा झेल रहा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम जल्द ही हाई वोल्टेज डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (एचवीडीएस) लागू करने जा रहा है। इस सिस्टम के लग जाने के बाद बिजली चोर डायरेक्ट और कुंडी मारकर बिजली चोरी नहीं कर सकेंगे। अगर उन्होंने ऐसा करने की कोशिश किया तो धरे जाएंगे।
एचवीडीएस कैसे करेगा काम : इस प्रोजेक्ट के तहत हाइटेंशन लाइन (एचटी) को लो टेंशन लाइन (एलटी) में बदला जाएगा। यहपूरी तरह से इंसुलेटिड होती है। इससे बिजली के तार पर कुंडी डालकर बिजली चोरी करना संभव नहीं हो सकेगा। एचवीडीएस के तहत घरों के पास ही सिंगल और इससे अधिक फेज के ट्रांसफॉर्मरों को लगाकर बिजली की सप्लाई दी जाएगी। इस तरह यदि किसी ने केबल काटकर चोरी करने की कोशिश की तो वह निगम की नजरों से बच नहीं सकेगा। इस सिस्टम के लागू होने के बाद न वोल्टेज की समस्या होगी और न बिजली चोरी होगी।
कहां किया जाएगा इसे लागू : इस सिस्टम को घनी आबादी वाली सघन कॉलोनियों और सर्वाधिक लाइन लॉस की मार झेल रहे फीडर्स से जुड़े क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। सर्कल के 459 फीडर्स में करीब 242 पर लाइन लॉस की स्थिति गंभीर है। यानी इनसे बिजली चोरी अधिक हो रही है। इससे निगम को हर वर्ष करोड़ों रुपए का चूना लग रहा है। ऐसे में निगम चिह्ति जगह पर इस सिस्टम को लागू करेगा।
चोरी रोकने में निगम विफल
वर्ष मामले
2005-06 7551
2006-07 3903
2007-08 4124
2008-09 5990
2009-10 4254
वर्ष २क्११ में भी करीब साढ़े चार हजार मामले बिजली चोरी के दर्ज किए गए।
इस प्रोजेक्ट को विश्व बैंक के प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। बिजली चोरी पर नकेल कसने के लिए एचवीडीएस काफी प्रभावी है। इस सिस्टम के तहत अभी गुड़गांव में काम चल रहा है। जल्द ही फरीदाबाद में भी इस सिस्टम के तहत डिवीजन वाइज काम शुरू किया जाएगा।
संजीव चोपड़ा, एसई, बिजली निगम