फरीदाबाद. ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म के बेंच पर बैठी एक 8 वर्षीय बालिका जीआरपी के लिए परेशानी का सबब बन गई है। वह 24 घंटे से भूखी-प्यासी थी। लड़की का नाम मिली है और वह हिंदी व बिहार की बोली जानती है। जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार लड़की बिहार के जमुई मुसौड़ी चौक का पता बता रही है, लेकिन उसके पास से हरियाणा शिक्षा विभाग की किताबें मिलने से लड़की जीआरपी के लिए पहेली बनी है। फिलहाल पलवल से लेकर दिल्ली तक के स्टेशनों पर अनाउंसमेंट कराई गई है। गुरुवार को लेडी कांस्टेबल के साथ लड़की को बिहार के लिए रवाना किया जा रहा है।
जीआरपी थानाध्यक्ष धूप सिंह ने बताया कि लड़की को एक दिन से एक बैंच पर ही बैठे देख एक जवान ने उससे पूछताछ की। लड़की ने बताया कि जब वह अपने घर के पास ही खेल रही थी तो एक महिला बहका कर उसे अपने साथ लेकर आई थी। उस महिला की गोद में एक छोटी बच्ची थी और साथ में दो लड़कियां और बताई जा रही हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि लड़की का कहना है कि उसके माता-पिता नहीं है और वह अपनी दादी के यहां रहती थी।
मिली से प्राप्त जानकारी के अनुसार उसको तूफान एक्सप्रेस से औरत अपने साथ ले जा रही थी। इस दौरान वह उनसे बिछड़ कर ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन पर रह गई। धूप सिंह ने बताया कि लड़की के पास से हरियाणा शिक्षा विभाग की किताबें मिलने से उनकी परेशानी बढ़ी है। इसलिए पलवल से दिल्ली के बीच के स्टेशनों पर अनाउंसमेंट कराया गया है। गुरुवार को इस लड़की को लेकर पुलिस टीम बिहार के लिए रवाना हो रही है।