फिर दो हिरणों को कुत्तों ने नोचा एक की मौत
Source: bhaskar news | Last Updated 03:35(28/01/12)
फतेहाबाद/ मंडी आदमपुर . काले हिरणों पर हमले अब भी बदस्तूर जारी हैं। हिसार फॉरेस्ट जोन में हिरणों को बचाने के वन्य प्राणी विभाग के सारे दावे भी झूठे साबित हो रहे हैं। शुक्रवार को फतेहाबाद के गांव चिंदड़ में कुत्तों ने एक और हिरण को मार डाला। वहीं, हिसार में मंडी आदमपुर के चौधरीवाली गांव में भी एक मादा हिरण को कुत्तो ने जख्मी कर दिया।
चिंदड़ के ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह कुत्तो को एक हिरण पर झपटते देखा। लोगों ने हिरण को छुड़वा तो लिया पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में वन्य प्राणी निरीक्षक द्वारका प्रसाद ने हादसा स्थल का निरीक्षण किया। उधर, चौधरीवाली में भी सुबह के समय एक मादा हिरण कुत्तों की शिकार हुई। गनीमत रही कि गांव के लोगों ने कुत्तों को खदेड़ उसे बचा लिया। बता दें कि अभी तक हिसार में आठ हिरण और फतेहाबाद में तीन हिरणों की मौत हो चुकी है।
अब पर्यावरण न्यायालय जाएंगे..
हिरणों की मौत का मामले पर गांव नागपुर की युवा ग्रामीण समाज सुधार समिति ने मोर्चा खोल दिया है। समिति ने मामले को पर्यावरण न्यायालय में उठाने का निर्णय लिया है। समिति प्रधान राधेश्याम ने कहा कि वन्य प्राणी विभाग के अधिकारी हिरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बजाय स्टाफ व संसाधन न होने के गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।