चीख-पुकार सुन पहुंचे रखवाले लेकिन मौत ने खींच लिया!
Source: Bhaskar News | Last Updated 00:25(10/02/12)
गुड़गांव. गुड़गांव के सेक्टर-4 के मकान संख्या-1092 में एक 55 वर्षीय महिला ने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। चीख पुकार सुनकर परिजन पहुंचे। महिला को बचाने में उसके बेटे के हाथ भी झुलस गए।परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली डाबरी निवासी रामचंद्र कई वर्षो से गुड़गांव के सेक्टर-4 में अपनी पत्नी कृष्णा और तीन बेटों के साथ रहते हैं।परिजनों ने बताया कि कृष्णा का मानसिक संतुलन काफी समय से ठीक नहीं है।उसका इलाज चल रहा है। गुरुवार को करीब डेढ़ बजे घर के अंदर बने लॉन में कृष्णा ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क लिया। फिर खुद को आग लगा ली।चीख पुकार सुनकर परिजन भागे।
आनन-फानन उन्हें ओल्ड दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, चीख सुनकर परिवार के लोग वहां पहुंचे तो कृष्णा के छोटे बेटे जोगिंद्र हाथों से आग बुझाने लगा।
जिससे हाथ बुरी तरह झुलस गया। मौके पर पहुंची सेक्टर-5 पुलिस छानबीन कर रही है।पति रामचंद्र ने बताया कि कृष्णा ने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया है।कुछ समय पहले परिवार हरिद्वार स्नान करने गया था वहां भी कृष्णा ने नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की थी। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने किसी तरह उन्हें बचाया था।