शादी में जश्न तो हुआ लेकिन एक मौत से सन्नाटा!
Source: Bhaskar News | Last Updated 01:00(10/02/12)
होडल. हथीन के बहीन गांव से होडल शादी में आए एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसके शव को गढ़ी चौक पर फेंक दिया। शादी में उसका झगड़ा हुआ था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बहीन गांव निवासी 20 वर्षीय सचिन उर्फ सत्यदेव बुधवार रात होडल में एक शादी समारोह में आया था। शादी में उसका किसी के साथ झगड़ा हो गया। इसके बाद उसकी पिटाई कर घायल हालत में गढ़ी चौक पर फेंक दिया गया।
राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।पुलिस जब तक घटनास्थल पर पहुंची तब तक सचिन की मौत हो गई। जामा तलाशी में पुलिस को मृतक की जेब से कुछ मोबाइल नंबर मिले। पुलिस ने उन नंबरों पर फोनकर परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने मोबाइल फोरेंसिक लैब की टीम भी जांच के लिए बुलाई। डीएसपी वीरेंद्र शर्मा व थाना प्रभारी इलियास भी मौके पर पहुंचे।थाना प्रभारी इलियास के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। मृतक के पिता बलराज के बयान पर हत्या का मामला दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट के आरोप में 11 के खिलाफ केस दर्ज
पलवल त्न जमीन के झगड़े में मारपीट और फॉयर करने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रह्लादपुर निवासी सुखीराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनका देवीसहाय के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने शिकायत में कहा कि वे तथा उनके परिवार के लछमन, रणबीर, सुभाष, मोहन, करण सिंह मकान के बाहर गली में बैठकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान आरोपी आए तथा उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान लछमन के ऊपर फॉयर कर दिया। गोली लछमन की जांघ में लगी। शोर सुनकर जब सविता बचाने के लिए आईं तो उसे भी पीटा गया।
आरोप है कि शीला, दया, कमलेश, शीतल ने उन पर पत्थर और ईंट बरसाए। घायलों में शामिल रणबीर, मोहन, सुभाष, करण, सविता को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से लछमन, रणबीर और करण को दिल्ली व फरीदाबाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने सुखीराम की शिकायत पर आरोपी देवीसहाय, चेतराम, चरण, पदम, यशपाल, बृजकिशोर, सतबीर, शीला, शीतल, दया, कमलेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।