सीमा विवाद में उलझे रहे वो, तड़पकर मर गया युवक
Source: Bhaskar News | Last Updated 01:10(10/02/12)
फरीदाबाद. पाली चौक पर डंपर की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार चचेरा भाई घायल हो गया। घायल भाई सड़क पर पड़ा डेढ़ घंटे तक मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन कोई आगे नहीं आया।
खाकी भी 12 घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। पुलिस की इस कार्यशैली को लेकर परिजनों में गुस्सा है। ग्रेटर नोएडा के ग्राम सैनी निवासी विपिन शर्मा (23)बुधवार रात अपने चचेरे भाई रोहित के साथ बाइक से फतेहपुर तगा एक शादी में शामिल होने जा रहा था।
पाली चौक के पास उनकी बाइक में एक डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में मौके पर विपिन बेहोश हो गया जबकि रोहित तड़प रहा था। उसने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई लेकिन कोई उसकी मदद को आगे नहीं आया। उसने अपने परिजनों को फोन किया।मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को बीके अस्पताल पहुंचाया।जहां विपिन को मृत घोषित कर दिया गया।
पाली चौक पर घटना के बाद न तो पाली पुलिस चौकी कार्रवाई को तैयार हुई और न ही सूरजकुंड पुलिस। दोनों के बीच 12 घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा।काफी जद्दोजहद के बाद गुरुवार दोपहर परिजनों को शव सुपुर्द किया गया।मृतक के साले अशोक शर्मा का आरोप है कि पुलिस ने ठीक तरीके से व्यवहार नहीं किया।