संदिग्ध हालत में मिली थी विवाहिता की लाश, हत्या या आत्महत्या, खुलासा आज

रोहतक. शहर की जनता कालोनी में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी है या उसकी गला घोंट कर हत्या की गई है, खुलासा रविवार को पोस्टमार्टम व मायके वालों के बयान दर्ज होने के बाद होगा।
शिवाजी कालोनी थाना प्रभारी हरनारायण राठी ने बताया कि दस साल पहले दादरी निवासी बबीता की शादी जनता कालोनी निवासी अशोक के साथ हुई। शनिवार शाम करीब पांच बजे सूचना मिली कि बबीता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है।
एएसपी सुलोचना गजराज, एफएसएल एक्सपर्ट डा. सरोज दहिया व शिवाजी कालोनी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। शव घर के ऊपर वाले कमरे में चारपाई पर मिला, जिसके ऊपर रजाई ढकी हुई थी। साथ ही दरवाजा एक तरफ से टूटा था। पुलिस ने मृतका के पति अशोक को हिरासत में ले लिया।
साथ में उसकी देवरानी व परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की, लेकिन पुख्ता तौर पर यह साफ नहीं हो सका कि दो बच्चों की मां बबीता की मौत हत्या है या आत्महत्या।
इसके बाद उसके मायके वालों को दादरी से रोहतक बुलाया गया, जो देर रात पहुंचे। रात करीब 10 बजे तक दोनों पक्ष आपस में बातचीत करते रहे, लेकिन स्पष्ट नहीं हो सका। रविवार को पुलिस बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम करवाएगी।







