भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों की हुंकार
Source: Bhaskar News | Last Updated 04:21(19/08/11)
अम्बाला सिटी. भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना की मुहिम में छात्रों ने हाथों में तिरंगा थामे वीरवार को सिटी में अपनी आवाज बुलंद की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक, आईटीआई व डीएवी कॉलेज के छात्रों के साथ आईटीआई चौक से सिविल अस्पताल, पॉलीटेक्निक होते हुए जगाधरी गेट तक मार्च पास्ट किया।
इससे पहले छात्रों को एकजुट करने के लिए एबीवीपी को शिक्षण संस्थानों के मुख्य द्वार पर पुलिस से मामूली झड़प भी हुई। एबीवीपी के आह्वान पर छात्रों ने कक्षा को छोड़ कर मार्च में हिस्सा लिया। मार्च पास्ट में छात्रों ने एक सुर में अन्ना के आंदोलन को समर्थन दिया। सभी छात्रों ने अन्ना के समर्थन में नारे लगाते हुए सरकार से संसद में जनलोकपाल बिल को पेश करने की बात कही। इस अवसर जगाधरी गेट पर एबीवीपी के जिला संयोजन गौरव शर्मा ने अन्ना की गिरफ्तारी के यूपीए सरकार के कदम को अलोकतांत्रिक बताया।
छात्राओं ने मिलाया कदम से कदम
कल्पना चावला वूमेन पॉलीटेक्निक की छात्राओं ने भी देशव्यापी आंदोलन में अपनी भागीदारी दिखाई। पॉलीटेक्निक की छात्राओं ने सेक्टर 9 में अनशन पर बैठे लोगों के साथ बैठकर अन्ना की मुहिम को अपना समर्थन दिया। छात्राओं का कहना था कि जिस प्रकार पूरे देश में अन्ना की आंधी चल रही है उसमें हम लड़कियां भी अपनी भूमिका अदा करना चाहती हैं। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने देश कि समग्र विकास के लिए भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म व जन लोकपाल बिल को संसद में पेश करने पर जोर दिया।