अम्बाला सिटी. नगर निगम और जलापूर्ति विभाग के कार्यक्षेत्र में मेन होल के खुले होने से यदि दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ अब मामला दर्ज होगा।
सिटी के पंचायत भवन में डीसी समीर पाल सरो ने जिला अधिकारियों के मासिक बैठक में नगर निगम, जल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में मेन होल के ढक्कन चेक करवाएं। यदि कहीं पर ढक्कन नहीं है तुरंत उसका प्रबंध करें।
डीसी ने जिले में पॉलीथिन बैग की बिक्री एवं प्रयोग को बंद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के संबंध में महीने में दो बार चेकिंग तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा अम्बाला प्रथम खण्ड के करीब 160 गावों में राशन कार्ड के बदले बनाए जा रहे स्मार्ट कार्ड को जल्द से जल्द बनाने की बात भी कही।
इसके अतिरिक्त डीसी ने पौधारोपण अभियान पर संतोष जताते हुए लोगों को विभाग की नर्सरी से फ्री में पौधे लेकर अधिक से अधिक पौधारोपण की बात कही। बैठक में डीसी ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सुभाष शर्मा को आदेश दिए हैं कि वे नारायणगढ़ उपमंडल के गांव बिचपड़ी में निर्माणाधीन स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करवाएं तथा ब्लाक स्तर पर बने सभी स्टेडियमों में अधिक से अधिक खेलों का आयोजन करें।
बैठक में पानी में क्लोरीन की उचित मात्रा, अस्पतालों में डायरिया से निपटने के प्रबंध के साथ ही जिले में खरीफ की फसलों के लिए खाद, बीज, कीटनाशक सहित किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होने की बात कही। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र यादव, एसडीएम अम्बाला मुकेश आहूजा, नगराधीश राजेश योगपाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी रेणु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत कौर, सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।