सीजन के पहले कोहरे ने ली एक की जान
Source: bhaskarnews | Last Updated 06:28(21/11/11)
हिसार. सर्दी की शुरुआत के साथ ही कोहरा छाने लगा है। रविवार सुबह घने कोहरे के चलते यातायात प्रभावित हुआ। सुबह दृश्यता करीब पचास मीटर थी। घने कोहरे के कारण बरवाला और हांसी में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए।
जहां सड़कों वाहन रेंगते नजर आए और वहीं ट्रेनें भी लेट रहीं। पहाड़ी इलाकों से चली दक्षिण पूर्वी हवाओं के चलते शनिवार शाम मैदानी इलाकों में कोहरा छा गया। बरवाला में सुबह दस बजे तक सड़कें धुंध की चादर में लिपटी दिखाई दी। बाजार देरी से खुले। एचएयू के कृषि मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. रामनिवास का कहना है कि एक दो दिन बाद यह कोहरा छंट जाएगा और उत्तरी पश्चिमी हवाएं प्रवेश करेंगी। इसी के साथ कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।
खड़े ट्रक से टकराई कार
हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 65 स्थित सरसौद गांव के पास सुबह एक खड़े ट्रक से स्विफ्ट कार टकरा गई। हादसे में कार सवार झज्जर के अंकुर की मौत हो गई जबकि बवानी खेड़ा का वीरेंद्र और हिसार के पड़ाव चौकी का रणदीप सिंह घायल हो गए।
घायलों को राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। तड़के करीब साढ़े तीन बजे अंकुर, वीरेंद्र और रणदीप उकलाना से कार में हिसार जा रहे थे। सरसौद से कुछ दूरी पर हाइवे पर ट्रक खड़ा था। पुलिस का मानना है कि कोहरे के कारण कार चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया।
जिसके चलते कार ट्रक से टकराती हुई सड़क के दूसरी ओर हाइवे से नीचे उतर पेड़ से जा टकराई। अंकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि वीरेंद्र व रणदीप को चोटें लग गईं। हादसे के बाद चालक मौके से ट्रक सहित फरार हो गया। जांच अधिकारी केसर सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चंडीगढ़ मार्ग पर ट्रक पलटा
बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग 65 पर सरसौद गांव से कुछ दूरी पर एक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। ट्रक के पलटने से रोड पर ट्रक में लदा सारा सामान बिखर गया। ट्रक बरवाला की ओर से हिसार की तरफ जा रहा था। सरसौद से निकलने के बाद ट्रक के आगे अचानक कोई जानवर आ गया। इसके चलते चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक पलट गया। ट्रक में लदी कैनियां रोड पर बिखर गईं। क्रेन की सहायता से ट्रक को सीधा कर दिया गया।
बस-ट्रक भिड़े, चार घायल
हांसी त्न दिल्ली रोड पर सोरखी के पास सुबह धुंध के चलते प्राइवेट बस और ट्रक की भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। हादसे में घायल ट्रक चालक मंजीत, बस चालक सत्यवान, बस में सवार दिल्ली के रोहिणी का अली हसन तथा बिहार के नारायणदास को यहां सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चारों को रोहतक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बस दिल्ली से हिसार जा रही थी जबकि ट्रक अबोहर से कोठपुतली जा रहा था। सोरखी के पास दोनों की भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद बस खाई में उतर गई। हादसे में बस चालक सत्यवान, बस में सवार रोहिणी का अली हसन, बिहार का नारायण दास तथा ट्रक चालक मंजीत घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया।