कैमरे में कैद हो गए दो चोर
Source: नवनीत शर्मा | Last Updated 01:54(21/08/11)
अम्बाला सिटी. सिटी स्थित टीबी अस्पताल के नजदीक बतरा टी स्टाल पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले असल आरोपियों का सुराग भले ही न लगा हो लेकिन मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे ने दो संदिग्ध युवकों की फोटो कैद कर ली है। अब हालात और टाइमिंग के खेल में फंसे इन युवकों के चेहरे से नकाब हटाने के लिए फुटेज को जांच के लिए मधुबन एफएसएल भेजा गया है। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले चोरों ने बतरा टी स्टाल की दुकान के ताले तोड़कर हजारों की नकदी व सामान चोरी किया था, जिसका अगले दिन पता चला था। उसी समय दुकान मालिक अनिल बतरा ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शिकायत दर्ज कर लिया था। चोरों ने बतरा की दुकान से 35 हजार कैश व सामान चुराया था। बतरा की दुकान में हुई चोरी की सूचना उसी दिन मार्केट में फैल गई थी।
तब कुछ लोगों ने बतरा से मदान अल्ट्रासाउंड के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने के लिए कहा था, क्योंकि बतरा की दुकान अल्ट्रासाउंड के नजदीक है और गेट पर लगे दो सीसीटीवी कैमरे काफी दूर तक का एरिया कवर करते हैं। पता चलते ही अनिल बतरा अल्ट्रासाउंड केंद्र के मालिक से मिले थे।
जहां सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि उस रात दो युवक अल्ट्रासाउंड केंद्र को क्रास करते हुए बतरा टी स्टाल तक पहुंचे थे। फिर सवा घंटे बाद वही युवक वापस लौटे थे। शक होने पर बतरा ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल की और उसे पुलिस के हवाले किया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। फुटेज को जांच के लिए मधुबन एफएसएल भेजा गया है, उसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह हुआ शक
जिन युवकों पर शक की सूई घूम रही है, वह उसी इलाके के रहने वाले हैं। शक यकीन में बदलते ही बतरा ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। फिर उन युवकों को पुलिस चौकी बुलाया गया। जहां दोनों युवकों ने वारदात में शामिल होने की बात से इंकार कर दिया। युवकों ने कहा कि उस रात वह अपने घर पर थे।
लिहाजा अब उन युवकों और सीसीटीवी कैमरे में कैद युवकों का आपस में मिलान करने के लिए फोटोग्राफी की गई है। जिसे जांच के लिए मधुबन लैब भेजा गया है। अगर दोनों की पहचान एक निकलती है तो युवकों पर गाज गिरना तय है। उसके बाद ही अगली कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
कैमरे को देख छिपा लिया मुंह
बतरा रात को करीब साढ़े ग्यारह या बारह बजे दुकान बंद करते हैं?
उस रात दो युवक 2:40 बजे अल्ट्रासाउंड केंद्र को क्रास करते हुए टी स्टाल पर पहुंचे थे?
फिर दोनों युवक 4:02 बजे वापस लौटे थे?
दोनों युवकों ने सीसीटीवी कैमरे को देखकर मुंह छिपा लिया था?
जिस रास्ते से युवक आए थे, वह उसी रास्ते से वापस गए?