जन लोकपाल के समर्थन में संघर्ष तेज
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:05(19/08/11)
हिसार. गुरुवार को तीसरे दिन भी अन्ना के समर्थन में कई जगह अनशन और प्रदर्शन जारी रहा। अनशन की जगह और अन्ना की रिहाई सुनिश्चित होने के बाद अन्ना समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों ने अब सारा ध्यान सरकार के भ्रष्टाचार और जन लोकपाल बिल से होने वाले फायदे की ओर मोड़ दिया है।
डाबड़ा चौक पर अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशन पर बैठे लोगों ने चौक से गुजरने वालों को जागरूक करने के लिए ‘लोकपाल’ और ‘जन लोकपाल’ में अंतर और अन्ना का पत्र जनता के नाम के पर्चे बांटे। पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में भी शहर के कई लोगों का अनशन जारी है। देर शाम इसी मैदान से सैकड़ों लोगों और स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के कर्मचारियों ने डिलाइट सिनेमा, रेलवे स्टेशन, सैनीयान मोहल्ला, कबीर मोहल्ला, रायपुरा होते हुए रेड स्क्वायर मार्केट तक यह मार्च निकाला।
जीजेयू के सैकड़ों छात्रों ने भी अन्ना के समर्थन में रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम कुलपति डॉ.एमएल रंगा को ज्ञापन सौंपा। एचएयू और एलएलआरयू के भी छात्रों ने एचएयू के गेट नंबर 4 पर अनशन शुरू कर दिया है। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी टीचर्स एसोसिएशन ने भी अन्ना के समर्थन में सांकेतिक धरना दिया। प्रधान डॉ.ऋषिपाल और अन्य मौजूद थे।
अन्ना की गिरफ्तारी पर श्री हरियाणा कुरुक्षेत्र सनातन धर्म मंदिर ट्रस्ट ने निंदा की है। ट्रस्ट के प्रधान एडवोकेट कैलाश चौधरी ने इस कार्रवाई को असंवैधानिक करार दिया है। संगठन प्रधान अंबिका प्रसाद के नेतृत्व में कैंडल मार्च भी निकाला गया। पूर्वाचल जन सेवा समिति के संस्थापक अवधेश पांडे ने भी अन्ना पर हुई कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने भी अन्ना की मुहिम का समर्थन किया है। संघ के प्रधान डॉ.टेकचंद ने सभी से इस मुहिम में शामिल होने की अपील की है।