हिमाचल . सुंदरनगर.हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर सुंदरनगर में हुए राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में 100 जूनियर इंजीनियर (जेई) नियुक्त करने की घोषणा की। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति की योजनाओं के रखरखाव के लिए 2000 जलरक्षक तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने जलरक्षकों के मानदेय को 750 से बढ़ाकर 1350 रुपए प्रतिमाह करने की घोषणा की। इस घोषणा से प्रदेश में 4220 जल रक्षक लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री ग्राम पथ परिवहन योजना के तहत नगदी प्रोत्साहन और कर में छूट दी जाएगी।
इससे लोगों को प्रदेश के अंदरूनी क्षेत्रों के बस रूट लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा। 29 सीटों वाली बसों के लिए यह प्रोत्साहन 2000 रुपए प्रतिमाह, 22 सीटों वाली बसों के लिए 1500 रुपए प्रतिमाह और 17 सीटों वाली बसों के लिए 1000 रुपए प्रतिमाह होगा।