नशे में धुत युवक ने 4 गाडिय़ों को मारी टक्कर
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:17(10/02/12)
शिमला. न्यू शिमला थाने के पास एक आई-टेन कार के चालक ने सड़क किनारे खड़ी चार गाडिय़ों को टक्कर मार दी। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आई टेन कार में सवार दो युवकों को दबोच कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने चालक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी सिटी बलवीर जसवाल ने बताया कि कार चला रहा युवक नशे में था। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वीरवार रात करीब 8.35 पर एक आई टेन कार खलीणी से विकासनगर की तरफ जा रही थी। तारा माता मंदिर के पास पुलिस कर्मियों ने इस कार को रोका। कार चला रहे युवक ने इसे साइड लगाने के बहाने कार तेज रफ्तार से भगा ली। न्यू शिमला पुलिस थाने के पास पहुंचते ही इस कार ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मार दी।
इसके बाद बीसीएस चौक और न्यू शिमला थाने के सामने बस का इंतजार कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इधर-उधर भाग कर जान बचाई। कार चालक यहीं नहीं रुका और उसने कुछ ही दूर खड़ी तीन कारों को टक्कर मार दी। कार चला रहा युवक वहां से भाग निकला, जबकि उसमें सवार दो युवकों को लोगों ने धर दबोचा।
कुछ देर बाद पुलिस ने कार चला रहे युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों का दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।