हिमाचल प्रदेश में खुलेंगे 83 आंगनबाड़ी केंद्र
Source: Bhaskar news | Last Updated 00:11(07/01/12)
शिमला . राज्य मंत्रिमंडल ने प्रशिक्षित बेरोजगारों के लिए 414 पदों की घोषणा कर सरकारी क्षेत्र में नौकरियों का तोहफा दिया है।
राज्य मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायकों के 357 पदों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों में 414 पद भरने की मंजूरी प्रदान की। प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ियों को बच्चों की सेहत का ख्याल रखने के अतिरिक्त पढ़ाने का काम भी सौंप रखा है। सरकार ने राज्य में शेष बचे गांवों में 83 आंगनबाड़ी या फिर मिनी आंगनबाड़ी केंद्र खोलने का निर्णय लिया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों का काम प्रभावित होने से रोकने के लिए 357 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की है। आंगनबाड़ी के लिए कार्यकर्ता व सहायक के पद भरे जाएंगे। सरकार ने निर्णय लिया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या सहायक के पदों के लिए जब भी नई नियुक्तियां होंगी तो ऐसे में सिलाई अध्यापिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय लिया गया कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 20 पद, जूनियर इंजीनियर(मैकेनिकल)के 5 पद, गृह रक्षा विभाग में अनुबंध आधार पर सीधी भर्ती से हवलदार ट्रांसलेटर, क्वार्टर मास्टर हवलदार के 10 पद और लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती के तहत उप पुलिस अधीक्षक के 4 पद भरने की मंजूरी प्रदान की।
निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग को पूरी तरह से क्रियाशील करने के लिए सदस्यों के 2 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें से एक पद विख्यात शिक्षाविद् का होगा। आयोग में विभिन्न श्रेणियों के 16 पदों भरने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में कृषि विभाग में मंडलीय अभियंता(भू-संरक्षण)के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को
भी मंजूरी प्रदान की गई।
मंत्रिमंडल ने अग्निशमन सेवा संरचना को मजबूत कर लोगों को शीघ्र सेवाएं उपलब्ध करवाने के मकसद से 9 क्विक रिस्पोंस व्हीकल, 17 कॉम्बो टूल्स और 21 उच्च दबाव पंप या फिर मिनी वाटर टैंडर खरीदने की मंजूरी प्रदान की।
मंत्रिमंडल के निर्णय
: गांव में 83 नए आंगनबाड़ी या मिनी केंद्र खोले जाएंगे।
: 357 पद भरने की मंजूरी।
: सिलाई अध्यापकों को नई नियुक्तयों में प्राथमिकता मिलेगी।
: निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग को क्रियाशील करने के लिए 18 पद भरे जाएंगे।
: फायर ब्रिगेड के लिए 47 वाहन खरीदे जाएंगे।