पशुपालन विभाग मनरेगा के तहत उगाएगा पशुचारा
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:19(08/02/12)
शिमला. प्रदेश में चारा संकट से निपटने के लिए पशुपालन विभाग मनरेगा के तहत उत्तम किस्म का चारा और चारा पौध उगाएगा। चारा संरक्षण योजना के तहत विभाग को केंद्र से 59 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत हुई है और इस योजना का लाभ प्रदेश के 50 लाख पशुपालकों को मिलेगा।
सभी जिलों में शुरू होने वाली योजना पहले राज्य के तीन जिलों मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में लागू की जाएगी। जिस पर 8 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा। पहले चरण के दौरान एक हजार से अधिक शिविर लगाए जाएंगे और पंचायतों की मदद से निजी और पंचायत की भूमि पर चारा नर्सरी उगाई जाएगी।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. बीपी मल्होत्रा ने बताया कि रोज राज्य में 500 टन चारे की खपत होती है, लेकिन इसके लिए वन संपदा पर भी निर्भर रहना पड़ता है।
10 हजार हेक्टेयर हो चुका उत्पादन
पशुपालन विभाग एक अन्य योजना के तहत सोलन, मंडी, शिमला, कांगड़ा और हमीरपुर जिला में 10 हजार हेक्टेयर भूमि पर चारा उगा चुका है। पशुपालकों की मांग को देखते हुए चारा उगाने के लिए भूमि का विस्तार किया जाएगा। नई योजना का फायदा राज्य के 70 फीसदी आबादी को होगा जो कि पशुपालन व्यवसाय से जुड़ी है। दुधारू पशुपाल रहे लोगों को अन्य राज्यों से नहीं मंगवाना पड़ेगा। चारे के लिए वनों पर निर्भरता कम होगी।