विधानसभा चुनाव : संजय रतन का टिकट कटा, सुधीर ज्वालामुखी से लड़ेंगे

हिमाचल. भाजपा में भले ही कांगड़ा में टिकटों का विवाद शांत हो गया हो, लेकिन कांग्रेस ने अचानक दो टिकटों में फेरबदल कर फिर सियासी हलचल पैदा कर दी है।
सुधीर शर्मा अब धर्मशाला के बजाय ज्वालामुखी और मनोज गद्दी धर्मशाला से चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में ज्वालामुखी से अब संजय रतन का टिकट कट गया है। इसकी पुष्टि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी बीरेंद्र चौधरी ने की है।
देहरा का टिकट बदलने की चर्चा : ज्वालामुखी और धर्मशाला के टिकट बदलने के अलावा देहरा से भी टिकट को बदले जाने की चर्चा है। इसमें देहरा से संजय रत्न को पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की बात कही है। उनको ज्वालामुखी से पार्टी प्रत्याशी बनाया था। सुधीर शर्मा और संजय रत्न दोनों ही वीरभद्र के खास सिपाही माने जाते हैं। प्रत्याशी देर रात तक टिकट बदलने के लिए हाईकमान पर दबाव बनाते रहे।
धर्मशाला के अलावा कहीं से नहीं लडूंगा: सुधीर
धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए विधायक सुधीर शर्मा ने स्पष्ट किया है कि वह धर्मशाला के अलावा किसी अन्य स्थान से चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी हाईकमान टिकट में कोई बदलाव करता है तो उसका स्वागत है। लेकिन ज्वालामुखी से संजय रत्न ही कांग्रेस के सशक्त नेता हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव ऑस्कर फर्नांडिस का हस्ताक्षर युक्त एक संदेश फैक्स के माध्यम से उन्हें मिला है।
मनोज को इसलिए मौका
मनोज जिला कांगड़ा पंचायती राज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। उनकी युवाओं में कफी पकड़ है। मनोज ने कहा कि धर्मशाला से प्रत्याशी बनाए जाने पर वह हाईकमान की भावनाओं का सम्मान करते हैं।
प्रचार में व्यस्त हूं : राणा
देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि मैं देहरा में चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं। दोपहर को कार्यकर्ताओं से ज्वालाजी से संजय रतन की टिकट बदलने की जानकारी तो मिली। पर अधिकारिक तौर पर उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देता
ज्वालामुखी से कांग्रेस प्रत्याशी संजय रतन ने कहा कि वह नाहलियां में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। यहां क्षेत्रवासियों से मिल रहे अथाह समर्थन के चलते ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने का समय ही नहीं है।
5 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
शिमला. वीरवार को सुजानपुर सीट से अमीं चंद ने निर्दलीय, धर्मशाला से नरेश पाल ने निर्दलीय, जसवां परागपुर से नवीन धीमान ने हिलोपा, पवन कुमार ने अर्की से निर्दलीय, किशोर कुमार ने सरकाघाट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा।






