मौसम के साथ आयी रोजगार की बहार

ऊना
इंदिरा गांधी स्टेडियम में चल रही सेना की खुली भर्ती में सिपाही सामान्य ड्यूटी पद के लिए 645 युवक मेडिकल टेस्ट में फिट पाए गए। इसी तरह सिपाही क्लर्क पद के लिए 290 युवक मेडिकल टेस्ट में फिट पाए गए।
चार दिसंबर से शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया में ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के युवकों ने हिस्सा लिया। सिपाही दस्तकार पद के लिए लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के युवकों ने भी भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया।
सात दिवसीय भर्ती में सिपाही सामान्य ड्यूटी, सिपाही क्लर्क, सिपाही दस्तकार और सिपाही सिक्ख रेजीमेंट के लिए कुल 18250 युवकों ने दमखम दिखाया। सिपाही सामान्य ड्यूटी के लिए 1343 युवाओं ने दौड़ में क्लीयर किया। 1173 ने अगली प्रक्रिया हिस्सा लिया। इस दौरान 973 युवक पास हुए।
इन युवकों का मंगलवार को मेडिकल टेस्ट हुआ। इसमें 645 युवक पूरी तरह फिट पाए गए। 322 को रिव्यू के लिए अनुमोदित किया गया। इन्हें छह हफ्ते के अंदर फिटनेस सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना होगा।
इसी तरह सिपाही क्लर्क के लिए 604 युवकों ने ग्राउंड टेस्ट पास किया। 527 ने अगली प्रक्रिया को क्लीयर कर मेडिकल में हिस्सा लिया। इस दौरान 290 युवक फिट निकले।
184 को रिव्यू के लिए अनुमोदित किया गया। इन युवकों को छह हफ्ते में फिटनेस सर्टिफिकेट देना होगा। भर्ती कार्यालय हमीरपुर के डायरेक्टर कर्नल एसबी माथुर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई है।
युवकों ने सेना की भर्ती में काफी उत्साह दिखाया। भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती गई।






