राजधानी भत्ते से लाभान्वित होंगे 17 हजार कर्मचारी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:06(09/02/12)
शिमला. राज्य मुख्यालय शिमला में काम करने वाले 17 हजार कर्मचारियों को राजधानी भत्ता जारी कर दिया है। सभी कर्मियों को 100 रुपए वृद्धि के साथ 275 रुपए मासिक राजधानी भत्ता मिलेगा। इस महीने का राजधानी भत्ता मार्च में मिलेगा। राजधानी भत्ते को लेकर वित्त विभाग ने ऑफिस मेमोरेंडम जारी कर दिया है। शिमला से बाहर देश के दूसरे राज्यों के मुख्यालयों व राष्ट्रीय राजधानी में कार्यरत कर्मचारी राजधानी भत्ते के हकदार होंगे।
बुधवार को सचिवालय में संयुक्त सचिव वित्त रमेश चंद्र चौहान ने राजधानी भत्ते को लेकर अवगत करवाया है कि शिमला शहर के मशोबरा, ढली, तारादेवी, कसुम्पटी, जतोग और टुटू क्षेत्र में स्थित सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को इस फायदा होगा।
सचिवालय में 1600 कर्मचारी हैं। कसुम्पटी स्थित एसडीए विभाग मुख्यालयों व निगम कार्यालयों में 15 हजार कर्मचारी हैं। भत्तों को संशोधित करने का काम लंबे समय से सरकार के विचाराधीन था। हाल ही में भत्ता बढ़ाने का फैसला लिया गया।