नौकरी दिलाने के मामले में चैनल मालिक पकड़ा
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:05(09/02/12)
शिमला. मीडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर शिमला के युवकों से लाखों रुपए ऐंठने मामले में पुलिस ने चैनल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। सदर पुलिस आरोपी राजेंद्र विधान को रोहतक हरियाणा से गिरफ्तार कर शिमला लाई है। पुलिस की एक टीम आरोपी को लेकर मंगलवार शाम शिमला पहुंची। इसके बाद इसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से इसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस की टीम आरोपी के साथ चैनल के दस्तावेजों और पैसों की रिकवरी करने के लिए फिर से रोहतक रवाना हो गई है।
20-40 हजार लिए
पुलिस के अनुसार पिछले साल न्यूज चैनल ने शिमला के करीब 40 युवकों को मीडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए थे। इसमें हर युवक से 20 से 40 हजार रुपए की राशि ली गई थी। पैसा जमा करवाने के एक महीने बाद चैनल ने इन युवकों को शिमला के एक होटल में ट्रेनिंग भी करवाई।
युवाओं को ट्रेनिंग देने के करीब एक महीने बाद भी जब चैनल शिमला में लॉन्च नहीं हुआ तो युवकों ने सदर पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत की। मामले की छानबीन के बाद चैनल निदेशक और मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
रिकवरी जारी
चैनल मालिक को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। उससे रिकवरी की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
रमेश पठानिया, एएसपी, सिटी
भूमिगत था
पुलिस ने चैनल निदेशक प्रेम सिंह को तो पिछले साल गिरफ्तार कर लिया लेकिन आरोपी मालिक का कोई सुराग नहीं लग रहा था। इसके बाद पुलिस ने मालिक के खिलाफ नोटिस निकालकर उसे थाने में पेश होने को कहा था। लेकिन आरोपी भूमिगत हो गया। मामले की छानबीन कर रही पुलिस को कुछ दिन पहले आरोपी के रोहतक होने की सूचना मिली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।