रंग लाया सेंट्रल स्कूल के अभिभावकों का आंदोलन
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:20(09/02/12)
मंडी. अभिभावकों के आंदोलन पर दबाव में आई प्रदेश सरकार ने मंडी के खलियार स्थित केंद्रीय स्कूल को लीज पर जमीन उपलब्ध करवाने की कवायद शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन ने बुधवार को अभिभावकों की बैठक बुलाकर केंद्रीय विद्यालय को जमीन उपलब्ध करवाने के लिए हामी भरी। उम्मीद की जा रही है कि एक सप्ताह के अंदर जमीन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्रीय विद्यालय मंडी को अपना भवन बनाने के लिए उपयुक्त जगह न मिलने के कारण केंद्रीय विद्यालय संगठन ने विद्यालय को बंद करने के आदेश दिए थे। इससे स्कूल में पहली कक्षा की एडमिशन बंद हो गई थी। अभिभावकों ने स्कूल को जमीन उपलब्ध करवाने के लिए मुहिम छेड़ दी थी। जिला प्रशासन जमीन लीज पर देने की तैयारी में जुट गया है।
बुधवार को अभिभावकों ने स्कूल परिसर में बैठक कर प्रधानाचार्य शोभा शर्मा के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय संगठन को ज्ञापन भेजा। उन्होंने मांग की कि पहली कक्षा के लिए शीघ्र ही एडमिशन शुरू की जाए। उन्होंने स्कूल को बंद न होने देने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया है।
पार्षद को नहीं मंजूर
पार्षद विमला मेहरा ने कहा कि है प्राइमरी स्कूल में गरीबों के बच्चे पढ़ते हैं। शिफ्ट करने से बच्चों को दूर जाना पड़ेगा। इसके कारण उन्होंने स्कूल को नए भवन में बदलने का विरोध किया। एडीसी ने विश्वास दिलवाया कि शीघ्र ही प्राथमिक स्कूल के भवन को सभी सुविधाओं से लेस कर दिया जाएगा। डिप्टी डायरेक्टर एलिमेंटरी एजूकेशन ब्रह्मदास ने कहा कि नए प्राइमरी स्कूल भवन में सभी सुविधाएं दी जाती हैं तो हम स्कूल वहां ले जाने को तैयार हैं।
एडीसी ने बुलाई बैठक
जिला प्रशासन ने केंद्रीय विद्यालय स्कूल प्रशासन, डिप्टी डायरेक्टर एलिमेंटरी, बीपीओ, प्राथमिक स्कूल खलियार की एसएमसी प्रधान, वार्ड नं. एक की पार्षद, केंद्रीय विद्यालय अभिभावकों तथा सिटीजन काउंसिल के सदस्यों के साथ बैठक की। एडीसी हंस राज चौहान ने कहा कि हम सभी को इसे बचाने के लिए हर संभव योगदान देना होगा।