कांग्रेस हाईकमान ने तय कर दी प्रचार कमेटी की जिम्मेदारी
शिमला।हिमाचल में चुनाव की तिथि अभी भले ही घोषित नहीं हुई है लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने नेताओं को प्रचार कमेटी की जिम्मेदारी सौंप दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस कमेटी के संयोजक होंगे। समिति में केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह और विधानसभा में विपक्ष की नेता विद्या स्टोक्स भी हैं। कमेटी में अधिकतर वीरभद्र समर्थक हैं। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री को प्रचार की कमान सौंपी जा चुकी है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को प्रचार कमेटी को स्वीकृति दी है। पार्टी के हिमाचल मामलों के प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव चौधरी वीरेंद्र सिंह ने सूची को जारी किया।
कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिवों की तैनाती भी कर दी है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 16 सचिव नियुक्त किए हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह के ओएसडी रहे अमित पाल सिंह के अलावा सज्जाद मिर्जा, सोहन लाल, केवल सिंह पठानिया, करनेश जंग, सुरेंद्र वालिया, नविता चौधरी, अमित नंदा, अजय सोलंकी, राकेश चौधरी, पवन नैय्यर, कृष्णपाल सिंह, रजनीश किमटा, सुशीला नेगी, कुलदीप पठानिया और अजय वर्मा शामिल हैं।
शांडिल, विप्लव, चंद्र कुमार भी शामिल
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया संयोजक मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कर्नल धनीराम शांडिल, विप्लव ठाकुर, चंद्र कुमार, रामलाल ठाकुर, सत महाजन, रंगीला राम राव, हर्ष महाजन, सुधीर शर्मा, जीएस बाली, कुलदीप कुमार, शिव कुमार उपमन्यु, ठाकुर सिंह भरमौरी, लज्जा राम, रतन सिंह, ऊमा गौड़, कमला प्रार्थी, वीरेंद्र चौहान, मनमोहन कटोच व मधु सूद को भी इस समिति में शामिल किया गया है।






