प्रदेश भाजपा में बगावत पर धूमल-शांता दिल्ली तलब
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:26(08/02/12)
शिमला. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर आपात बैठक बुलाई है। हिमाचल लोकहित पार्टी को मिल रहे समर्थन से उपजी स्थिति को लेकर गडकरी के अशोका रोड स्थित आवास पर बैठक होगी। बैठक में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार व महासचिव एवं प्रवक्ता जेपी नड्डा शामिल होंगे। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल बुधवार को दोपहर बाद दिल्ली रवाना होंगे।
सांसद डा. सुशांत सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर मोर्चा खोलकर बैठे हैं। दो साल से शांता कुमार आलाकमान को बताते आ रहे हैं कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और गुटबाजी हावी है। प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद नड्डा को मंत्री पद छोड़कर संगठन में जाना पड़ा है।
‘अब नहीं लौटेंगे’
हिमाचल लोकहित पार्टी के अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने कहा कि अब भाजपा में वापस लौटने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। सारी स्थिति से आलाकमान भी अवगत थी, लेकिन किसी ने कोई कदम नहीं उठाया। प्रदेश के नेताओं से लेकर दिल्ली में हर बड़े नेता को राज्य की स्थिति बताई गई थी।
पार्टी को हो रहे नुकसान पर होगी चर्चा
सत्तारूढ़ भाजपा में पैदा हुई राजनीतिक स्थिति को लेकर गडकरी के आवास पर बुधवार शाम छोड़कर जाने वाले नेताओं की वजह से पार्टी को हो रहे नुकसान पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, भाजपा सरकार के एक मंत्री पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीरता से लिया जाएगा।