डरना मना है, क्योंकि अब पुलिस करेगी आपके घरों की चौकीदारी

शिमला
यदि आप शिमला शहर में रहते हैं और इस बार भी सर्दियों में अपने गांव जाने की तैयारी कर रहे हैं तो पुलिस को इसकी सूचना जरूर दे दें। इस दौरान पुलिस आपके घर की रखवाली करेगी।
सर्दियों के दौरान शहर और उपनगरों में होने वाली चोरी की वारदातों को रोकने के लिए जिला पुलिस ने यह पहल की है। पुलिस के अनुसार यदि कोई व्यक्ति सर्दियों की छुट्टियों में गांव जा रहा है तो वह इसकी जानकारी स्थानीय चौकी व थाने में दे सकता है।
इसके बाद संबंधित थाना व चौकी के जवान इस क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर चोरों पर निगरानी रखेंगे। पुलिस के अनुसार हर साल सर्दियों की छुट्टियों के दौरान काफी संख्या में चोरी की वारदातें होती है।
दो महीनों में होती हैं सबसे ज्यादा वारदातें
सबसे ज्यादा वारदातें 15 दिसंबर से लेकर 15 फरवरी के बीच में अंजाम दी जाती है।
शातिर घर खाली पाकर आसानी से लाखों की संपत्ति गायब कर जाते हैं। इनका खुलासा भी तब होता है जब मकानमालिक छुट्टियां बिताकर वापस लौटते हैं।
वहीं, शातिर चोरी कर पुलिस की पहुंच से बाहर हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस इस बार इन वारदातों को रोकने के लिए पूरी एहतियात बरत रही है।






