फैक्टरी में युवक की गला घोंट कर हत्या
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:11(09/02/12)
पांवटा साहिब. पांवटा-नाहन रोड पर टोकियो में स्थित मेरिको फैक्टरी में मंगलवार रात बेहड़ेवाला गांव के युवक चरण सिंह (33) की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव फैक्टरी से बाहर फेंक दिया। पुलिस ने फैक्टरी के एक कामगार पर हत्या का शक जताते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बेहड़ेवाला के रहने वाले चरण सिंह को उसका एक किराएदार मंगलवार रात नौ बजे बुलाकर ले गया। किराएदार ने चरण सिंह को बताया कि उसको फैक्टरी में बुलाया है। वह सुबह तक वापस नहीं आया तो परिजन उसे ढूंढने लगे। जब परिजन फैक्टरी पहुंचे तो काफी भीड़ जमा हो चुकी थी। हत्या की सूचना मिलते ही पांवटा के डीएसपी और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे।
चरण सिंह के मकान में रह रहे फैजाबाद उत्तर प्रदेश के युवक और फैक्टरी के एक कामगार पर पुलिस ने हत्या का शक जताया है। पुलिस ने आरोपी को पकडऩे के लिए एक टीम फैजाबाद उत्तर प्रदेश के लिए भेज दी है। आरोपी मंगलवार रात से ही फरार है। इस बारे में डीएसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हत्या गला घोंट की गई है। किराएदार पर शक है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शिमला आईजीएमसी भेजा जाएगा।
हत्या से भड़के बेहड़ेवाला और आसपास के सैकड़ों लोगों ने फैक्टरी गेट के बाहर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने पुलिस को शव ले जाने से रोका। ग्रामीणों का कहना था कि पहले हत्या के आरोपी को पकड़ा जाए। डीएसपी व सीपीएस सुखराम चौधरी के समझाने के बाद ग्रामीणों ने शव को ले जाने दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि शव का शिमला में पोस्टमार्टम करवाया जाए।