गर्मी से उत्तर भारत में हाहाकार, इधर यह इलाका बन रहा दक्षिणी ध्रुव

मनाली.लाहौल व कुल्लू को जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे में आधा फुट ताजा हिमपात हुआ है। वीरवार रात को पहाड़ों पर बर्फबारी हुई जबकि मनाली व लाहौल घाटी बारिश की बूदों से सराबोर हो गई। घाटी में लगातार खराब चल रहे मौसम से बागवान चिंतित हो उठे हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रोहतांग र्दे में आधा फुट ताजा हिमपात हुआ है जबकि राहनीनाला, मढ़ी ब्सासनाला, राहलफाल व गुलाबा में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। लाहौल व कुल्लू की चोटियों घेपन पीक, लेड़ी आफ केलंग, कुजुंम जोत, दारचा की पहाड़ियों, शिला पीक, बढ़ा व छोटा शिंगरी ग्लेशियर, नील कंठ जोत, धुंधी जोत, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा मकरवेद व शिकरवेद की पहाड़ियों, भृगु व दशौहर की पहाडियों, पतालसू जोत, इंद्र किला, लदाखी पीक, सहित सभी धोलाधार की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चांदी से चमक उठी हैं।
इधर, पर्यटन नगरी मनाली दिनभर बादलों से ढ़की रही तथा बीच-बीच में बारिश का क्रम भी चलता रहा। बर्फबारी से रोहतांग बहाली में जुटे बीआरओ की भी दिक्कतें बढ़ गई हैं। बीआरओ ने रोहतांग मार्ग के दोनों छोर को जोड़ दिया है लेकिन वाहनों की बर्फ देखने की चाह लिए शुक्रवार को गुलाबा की वादियों में पहुंचे सैलानी आसमान से बर्फ गिरता देखखुश हो उठे।
सैलानियों ने ताजा बर्फबारी का आनंद लिया। पर्यटक वाहन चालक रवि ने बताया कि गुलाबा में शुक्रवार को बर्फ के फाहे गिरे। उन्होंने बताया कि हालांकि यह क्रम कुछ ही देर चला लेकिन सैलानियों ने बर्फ के फाहों का खूब आनंद लिया। प्रशासन व बीआरओ की माने तो मौसम साफ होते ही सैलानियों को मढ़ी तक जाने दिया जाएगा ताकि सैलानी बर्फ का आराम से आनंद ले सके।





