नई दिल्ली.हरियाणा रोडवेज ने दिल्ली व चंडीगढ़ के बीच 25 नई वॉल्वो बसें उतारने का फैसला किया है। यात्रियों को शताब्दी एक्सप्रेस की सेवा जहां केवल सुबह शाम उपलब्ध है वहीं सुपर डीलक्स लक्जरी वॉल्वो बसों की सेवाएं मार्च माह से हर घंटे दोनों ओर से उपलब्ध रहेंगी।
ये बसें चंडीगढ़ से दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद व इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच उपलब्ध होंगी। बसों का किराया भी शताब्दी के आसपास ही होगा। साथ ही हर साल बेड़े में ऐसी 25 बसें जोड़ने की भी योजना है। परिवहन विभाग के सूत्रों ने इन बसों की खरीद का आर्डर दिए जाने की पुष्टि की है। एक बस की लागत करीब 80 लाख रुपए है।
डीवीडी प्लेयर लगी 49 सीट वाली बसें मार्च से दिल्ली व एनसीआर के बीच दौड़ती दिखाई देंगी। महकमे ने तीन बरस पहले 10 बसों का बेड़ा लंबे मार्गो पर उतारा था। विभाग के महानिदेशक अरुण कुमार ने कहा कि दिल्ली व चंडीगढ़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग का अधिकांश हिस्सा हरियाणा से गुजरता है। ऐसे में प्रदेश की सड़कों पर हरियाणा की बसों की ही बहुतायत होनी चाहिए।
नहीं बढ़ेंगे किराए, घाटा 200 करोड़ सालाना .एक सवाल के जवाब में परिवहन महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश में रोडवेज की बसों का किराया बढ़ाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। हालांकि विभागीय घाटा फिलहाल 200 करोड़ रुपए सालाना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के चलते परिवहन विभाग को विशुद्ध मुनाफे या वाणिज्यिक गतिविधि के रूप में संचालित नहीं किया जा सकता।