'हिमाचल में भाजपा का कुनबा बिखरने लगा है'
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:22(07/02/12)
ऊना. विपक्ष की नेता विद्या स्टोक्स ने कहा कि भाजपा सरकार अब तक की सबसे भ्रष्टाचार सरकार है। इसके एक मंत्री ने तो भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर रखी हैं। ईको टूरिज्म के बहाने भी जंगलों को खत्म किया जा रहा है और बेशकीमती भूमि के बेनामी सौदे हो रहे हैं। स्टोक्स सर्किट हाउस में विधायक मुकेश अग्निहोत्री, राकेश कालिया और जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी की उपस्थिति में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रही थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्राइवेट यूनिवर्सिटीज, हाइडल प्रोजेक्टों और पर्यटन के नाम पर धांधलियां की गई हैं। किसानों, बागवानों, कर्मचारियों और उद्योगपतियों को कोई विशेष लाभ नहीं मिला है। हकीकत यह है कि बंदरों और जंगली जानवरों की समस्या बदतर होती जा रही है।
कर्मचारी वर्ग काफी अर्से से देय भत्ते अभी तक नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यो के लिए धन यूपीए सरकार से मिल रहा है। लेकिन प्रदेश सरकार इन सभी कार्यो को अपने नाम से जनता में प्रस्तुत कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का कुनबा बिखरने लगा है। विधानसभा चुनाव में इसका सत्ता से बाहर होना तय है।
सीएम कौन, मुद्दा नहीं
स्टोक्स ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है। कुछ बातों पर मतभेद हो सकते हैं। मुख्यमंत्री कौन बनता है, यह मुद्दा नहीं है। दिल्ली में सीनियर नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की मजबूती को लेकर चर्चा होती है। शीघ्र ही भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।