नोबल पुरस्कार विजेताओं की मुलाकात का गवाह बनेगा मैक्लोडगंज
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:22(10/02/12)
धर्मशाला. निर्वासित सरकार मुख्यालय मैक्लोडगंज शुक्रवार को दो नोबल शांति पुरस्कार विजेताओं की मुलाकात का गवाह बनेगा। साउथ अफ्रीका के नोबल शांति पुरस्कार विजेता आर्चबिशप डेसमंड टुटु शुक्रवार को दलाईलामा से भेंट करेंगे।
डेसमंड टुटु दलाईलामा से भेंट करने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। वह भारत के पांच दिवसीय दौरे पर आएंगे। शुक्रवार को दोनों संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित करेंगे। इसका लाइव वेबकास्ट किया जाएगा। उनकी मुलाकात का कार्यक्रम अक्टूबर 2011 में निर्धारित था, लेकिन साउथ अफ्रीका सरकार की ओर से दलाईलामा को वीजा जारी न करने के चलते दलाईलामा को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।
साउथ अफ्रीका में इसका विरोध भी हुआ था। हालांकि साउथ अफ्रीका के दो सांसदों ने वहां के उच्चतम न्यायालय में दलाईलामा को वीजा न देने के मामले पर याचिका दायर की थी। अक्टूबर 2011 में डेसमंड टुटु ने अपने 80वें जन्मदिवस पर अपने मित्र दलाईलामा को केपटाउन में होने वाले जन्मदिवस समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन इसमें दलाईलामा इसमें भाग नहीं ले सके थे।
दलाईलामा ने लाइव वेबकास्ट के माध्यम से डेसमंड टुटु को जन्मदिन की मुबारकवाद दी थी। दोनों कुछ महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।