करोड़ों रुपए समेट कर चिट फंड कंपनी फरार
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:02(08/02/12)
जसूर (कांगड़ा). नूरपुर उपमंडल में लोगों की जमापूंजी पर हाथ साफ कर चिट फंड कंपनी के फरार होने से प्रभावितों ने कंपनी के प्रबंधकों के खिलाफ कोर्ट ने मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं। गनोह क्षेत्र के 28 व्यक्तियों ने कंपनी में एक करोड़ से अधिक की राशि का निवेश किया था।
जमाकर्ताओं को कंपनी ने ब्याज सहित मूल राशि लौटाने की जो तारीख निर्धारित की थी उस तारीख तक जमाकर्ताओं को कोई चेक या ड्राफ्ट नहीं मिले तो ग्रामीणों ने कंपनी की जानकारियां जुटाना शुरू किया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की सक्सेस ऑनलाइन सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड चिट फंड कंपनी ने लोगों को राशि जमा करवाने पर मोटा ब्याज देने का प्रलोभन दिया था। जिसके चलते ग्रामीणों ने अपनी जमापूंजी कंपनी में निवेश की थी।
राजा का तालाब के बरोह गांव के राजकुमार ने नूरपुर न्यायालय में याचिका दायर कर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी करने की शिकायत की थी। जिस पर न्यायालय ने नूरपुर पुलिस को धारा 156 के तहत मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं। चिट फंड कंपनी के कर्मचारियों ने नूरपुर उपमंडल के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों की मोटी ब्याज दर पर आरडी व एफडी कर रखी थी। जिसमें गनोह क्षेत्र के ग्रामीणों ने 13 लाख 17 हजार रुपए कंपनी के कर्मचारियों को आरडी और एफडी के रूप में भुगतान किया था।