अब स्कूलों में साफ पानी पिलाएगा हिमफेड
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 00:12(04/01/12)
हमीरपुर . हिमफेड अब प्रदेश के लोगों को साफ पानी पिलाएगा। हिमफेड के माध्यम से अब पंचायतों, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूलों और सोसाइटियों को इलेक्ट्रॉनिक्स वाटर फिल्टर बेचेगा। लोगों को बीमारी मुक्त साफ-सुथरा पीने का पानी उपलब्ध हो सके।
इसके लिए फिल्टर बेचने की यह योजना प्रदेश में शुरू होने जा रही है। हिमफेड लोगों को उनके घर-द्वार पर फिल्टर इंस्टॉल करने की सुविधा देगा। प्रदेश में पहली बार इस तरह की फिल्टर उपलब्ध करवाने की कोई योजना शुरू होगी। हर जिला मुख्यालय पर हिमफेड कार्यालयों द्वारा डिमांड ली जाएगी। फिल्टर एक प्राइवेट कंपनी की ओर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। संस्थाओं के अलावा आम आदमी भी हिमफेड कार्यालय में डिमांड देकर इसकी खरीद कर सकेगा। हालांकि इस पर फिलहाल किसी भी तरह की सब्सिडी का कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
7390 रुपए में पड़ेगा : यह इलेक्ट्रॉनिक्स फिल्टर ग्राहक को 7390 रुपए में पड़ेगा। इसमें एक साल की वारंटी भी होगी। प्रदेश के सभी 77 ब्लॉक इस स्कीम में कवर किए जाएंगे। हिमफेड के सभी संबंधित संस्थानों को फिल्टर की डिमांड के लिए पत्र जारी कर दिए हैं। संस्थानों को सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उन्हें वाटर फिल्टर लगवाने के लिए यहां-वहां नहीं दौड़ना पड़ेगा, बल्कि डिमांड देते ही उन्हें घर-द्वार पर इसके लगाने की सुविधा तुरंत मिल जाएगी।
पंचायतों-स्कूलों आदि में इलेक्ट्रॉनिक फिल्टर लगाने के लिए हिमफेड इसकी सुविधा देगा। संस्थानों को उनकी डिमांड पर फिल्टर बेचे जाएंगे। आम आदमी भी इन्हें सीधा हिमफेड से खरीद सकता है। हर ब्लॉक से फिल्टरों की डिमांड ली जाएगी। -विनोद शर्मा, एरिया मैनेजर, हिमफेड
लगाने का जिम्मा भी हिमफेड का
पानी की वजह से फैलने वाली बीमारियों को रोकने के लिए राज्य और केंद्र सरकार अलग-अलग चीजों के लिए बजट दे रही हैं। सभी ब्लॉकों में प्रत्येक पंचायत को वाटर फिल्टर सिस्टम लगवाने के लिए 20 हजार रुपए का बजट दिया जा रहा है हिमफेड पंचायतों, सरकारी स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और सोसाइटियों से इलेक्ट्रॉनिक फिल्टर लगाने की डिमांड लेकर हेडक्वार्टर भेजेगा। जहां से संबंधित कंपनी की ओर इनकी सप्लाई और इंस्टॉलेशन की जाएगी।