चौकी में रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा हेड कॉन्स्टेबल
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:24(10/02/12)
मंडी. पुलिस थाना औट के तहत आती पुलिस चौकी बालीचौकी में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दीना नाथ शास्त्री को विजिलेंस ने वीरवार शाम दो हजार की रिश्वत लेते पुलिस चौकी से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को विजिलेंस थाना मंडी लाया गया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल के खातों की भी जांच की है। आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल एक केस को पुलिस जांच से बदल कर पंचायत में भेजने की एवज में एक व्यक्ति से पैसों की मांग कर रहा था।
इस बारे में शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो मंडी में शिकायत की थी। इस पर विजिलेंस ब्यूरो ने हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत के पैसों सहित रंगे हाथ दबोचने की रणनीति बनाई। विजिलेंस के उसपी विरेंद्र शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम का गठन किया गया। टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार किया।