पंजाब टीम के समर्थकों और होटल कर्मचरियों में चली बीयर्स, देखें तस्वीरें

मैक्लोडगंज (धर्मशाला).मैक्लोडगंज के मैक्लो रेस्टोरेंट में आईपीएल के खिलाड़ियों, ऑफिशियल्स के लिए आयोजित एक पार्टी में पंजाब की टीम के समर्थकों ने खूब हुड़दंग मचाया। होटल के अंदर पंजाब किंग्स इलेवन की पूरी टीम और दिल्ली डेयर डेविल्स के कुछ खिलाड़ियों के अलावा एक निजी चैनल के कलाकार मौजूद थे।
पंजाब के समर्थकों को होटल में जबरन घुसने से रोकने पर वह भड़क गए और होटल पर पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने पत्थरों और बीयर की बोतलों से रेस्टोरेंट के शीशे तोड़ डाले। जवाब में होटल के अंदर से भी बोतलें बरसाई गई। इसमें कुछ युवक जख्मी हो गए। उनके अनुसार बोतलें होटल के कर्मचारियों ने बरसाईं।
युवक रेस्टोरेंट में जाने की जिद कर रहे थे। दोनों के पार्टियों बीच काफी देर तक बीयर्स की बोतलें चलती रहीं। इस घटना में कुछ युवक घायल भी हो गए जिन्हें मेडिकल के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया गया है। घायल युवक बेअंत सिंह जम्मू का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके सिर और कंधे पर चोट आई है। अन्य घायलों के नाम पता नहीं चल पाए हैं।
बेअंत का कहना है कि मैच के बाद वह और कुछ अन्य युवक रेस्टोरेंट में जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। इसी दौरान रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और युवकों में झगड़ा शुरू हो गया। वहीं, होटल प्रबंधक पंकज चड्ढा का कहना है कि युवकों ने उनके भाई को रेस्टोरेंट के बाहर खींचा और पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस ने रेस्टोरेंट पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया है। बोतलें और पत्थर बरसाने से होटल की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। होटल के अंदर से बरसाई गई बोतलों से कुछ युवक जख्मी हुए हैं। घायलों को धर्मशाला जोनल अस्पताल भर्ती कराया गया। मैक्लोडगंज में इस हंगामे के दौरान देर रात काफी भीड़ उमड़ पड़ी।
मुख्य सचिव बचे
घटना के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव सदृघ्तो राय भी वहरं से गुजर रहे थे। हालात को देखते हुए उन्हें वहां से जल्दी रवाना होना पड़ा। उनके साथ वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसके बीएस नेगी भी मौजूद थे। बाद में पुलिस ने सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया। पथराव के कारण पंजाब के पर्यटकों की इनोवा गाड़ी (पीजी 02बी एफ 9007) का शीशा भी टूट गया।
खिलाड़ी, तीन हजार पर्यटक फंसे रहे
इससे मैक्लोडगंज में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हंगामे के बीच मैक्लोडगंज में ट्रैफिक जाम लग गया जिससे खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स को सुरक्षित निकालने में काफी परेशानी हुई। खबर लिखे जाने तक खिलाड़ी होटल में ही थे। उनकी बस रेस्टोरेंट से थोड़ी दूर खड़ी की गई थी। वहीं, देर रात तक करीब तीन हजार पर्यटक और स्थानीय लोग जाम में फंसे रहे।
वही, मैक्लोडगंज के एसएचओ गुरबचन सिंह ने मौके पर पहुंच को पुलिस बल के साथ स्थिति को काबू में लिया। उन्होंने कहा कि घायलों और होटल कर्मचारियों के बयान के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।





