बर्फबारी से शहर में फिर सड़क से उतरा ट्रैफिक
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:08(10/02/12)
शिमला. बर्फबारी के बाद शहर में परेशानियों का दौर फिर से शुरू हो गया है। शहर के अधिकतर क्षेत्रों में ट्रैफिक वीरवार को काफी देर तक बाधित रहा। कई स्थानों पर गाडिय़ां फिसलने से घंटों तक जाम लगा रहा। खलीणी, लक्कड़ बाजार के पास सुबह नौ बजे से लेकर 11 बजे तक वाहनों की लंबी कतारें जाम में फंसी रही।
कुछ स्थानों पर वाहनों के बीच टक्कर भी हुई। संजौली लक्कड़ बाजार की ओर से बसस्टैंड की ओर जा रही एक पिकअप विक्ट्री टनल के पास पलट गई। पुलिस के अनुसार पिकअप कैपिटल होटल के सामने सड़क पर जमी बर्फ से फिसलकर पलट गई।
हादसे में चालक को हल्की चोटें लगी हैं। शोघी के पास भी हरियाणा रोडवेज की एक बस बर्फ पर से फिसलकर नाली में जा टकराई। इसी तरह संजौली से शिमला आ रही एक निजी बस सेंट बीड्स के पास स्किड होकर खंभे से जा टकराई। सुबह करीब दस बजे हुए इस हादसे में बस की दरवाजे वाली साइड दीवार से जा टकराई। इसके चलते बस में सवार 40 से अधिक सवारियों को चालक की खिड़की से बाहर निकाला गया।
वीरवार शाम करीब पांच बजे लालपानी के साथ लगते गंदे नाला के पास एक ट्रक बर्फ पर से स्किड होकर पहाड़ी से टकरा गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक चालक की एक टांग ट्रक में फंस गई। करीब एक घंटे तक चालक इसमें फंसा रहा। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन केंद्र की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने शाम करीब छह बजे ट्रक चालक को बाहर निकाला।
बालूगंज और चक्कर मार्ग के अवरुद्ध होने के कारण बिलासपुर, धामी की ओर से आने वाली लंबे रूट सहित लोकल बसों को भी वाया तारादेवी होकर शिमला पहुंचना पड़ा।
अधिकतर लोग समय पर अपने कार्यालयों में समय पर नहीं पहुंच पाए। निगम के ग्रामीण क्षेत्र के बस रूटों में कोटी घाट, मोखड़ा, शतलाई, हिमरी व खनेरी रूट बंद रहे। आरएम सीएस परिहार ने बताया कि कुल 104 रूटों में अभी तक 44 बसें फंसी हुई हैं।
प्रदेश भर में बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में 5 डिग्री की गिरने से ठंड बढ़ गई है। सबसे कम तापमान केलांग क्षेत्र में -१७.८ डिग्री रहा और अधिकतम तापमान ऊना में १८.० डिग्री दर्ज किया गया। मौसम के अनुसार दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं तापमान आई गिरावट से सेब की फसल के लिए अच्छी बताई जा रही है। इससे बागबानों के चेहरे खिल गए हैं। वीरवार को शिमला का अधिकतम तापमान 4.8 और न्यूनतम -3.8 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड का प्रकोप अभी कुछ दिन और जारी रहेगा।
गिरि परियोजना से जहां वीरवार को भी पानी की सप्लाई नहीं हुई वहीं पानी की पाइपें जाम होने से लोगों के घरों में पानी नहीं आया। जाखू, रुल्दूभट्टा, पीएनटी कॉलोनी, लक्कड़ बाजार, रिज, मालरोड में पानी की पाइपें जाम होने से लोगों के घरों में निर्धारित समय पर पानी नहीं आया। चौड़ा मैदान सहित आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को पानी का दंश झेलना पड़ा। निगम के अनुसार अन्य स्रोतों से शिमला को 30 एमएलडी पानी मिला है। लोगों को नियमित पानी की सप्लाई दी गई।
जिला के ऊपरी भागों में अभी तक परिवहन निगम की 44 बसें फंसी हैं। खिड़की, चौपाल, मशोबरा, जोग, पिओ, पाहल और रामपुर रूट भी अभी भी बंद हैं। शुक्रवार तक सभी रूटों के सुचारू होने की उम्मीद है। इन रूट्स पर करीब 100 बसें फंसी हैं।