पढ़ाई के डर से भागी छात्रा वापस घर लौटी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:16(09/02/12)
शिमला. पिताजी बार बार पढ़ाई करने के लिए कह रहे थे, इसीलिए मैं किसी को बताए बिना घर से भाग गई। संजौली से लापता हुई दसवीं कक्षा की छात्रा मंगलवार को वापस लौट आई है। पूछताछ के दौरान छात्रा ने बताया कि उसके पिता उसे परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए दबाव डाल रहे थे। इसी के चलते वह किसी को बिना बताए सोलन में रह रही एक सहेली के घर चली गई। एक हफ्ते तक वहां रहने के दौरान छात्रा ने अपने माता पिता को भी संपर्क नहीं किया।
हफ्ते से थी गायब
संजौली स्कूल में दसवीं कक्षा में पढऩे वाली यह छात्रा करीब एक हफ्ते पहले घर से गायब हो गई थी। इसके बाद छात्रा के पिता ने संजौली चौकी में अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस के अनुसार छात्रा के पिता स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी हैं। मामले की छानबीन कर रही संजौली पुलिस के अनुसार छात्रा एक हफ्ते तक सोलन में रही। मंगलवार को बेटी के घर लौटने पर पिता ने शिकायत भी वापस ले ली है।
शिमला में हुई बर्फबारी के दौरान ठंड लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह व्यक्ति ओमप्रकाश रामनगर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले ओमप्रकाश नगर निगम में सफाई कर्मचारी के तौर पर भी कार्य कर चुका है। इन दिनों यह अकेले ही रामनगर में रह रहा था। पुलिस ने बुधवार दोपहर व्यक्ति का शव लालपानी के पास से बरामद कर लिया।