धर्मशाला। विजय हजारे रणजी वनडे ट्रॉफी में पंजाब ने सर्विसेज को 5 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में जीत के सिलसिले को जारी रखा। धर्मशाला में खेले गए मैच में सर्विसेज के 183 रन के टारगेट को पंजाब ने 45.4 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इससे पहले पंजाब ने टॉस जीत कर सर्विसेज को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। यह फैसला उस समय सही साबित हुआ जब 11 रन पर सर्विसेज के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
पंजाब के मीडियम पेसर संदीप शर्मा ने कहर बरपाते हुए 3 विकेट झटक कर विपक्षी टीम की हालत पतली कर दी। एक समय सर्विसेज की टीम 109 रन पर 7 विकेट खो चुकी थी। संकट के समय में आरएस पालीवाल ने 118 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 96 रन की पारी खेल कर टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया।
शतक के करीब खड़े पालीवाल को तरुवर कोहली ने क्लीन बोल्ड कर पंजाब को राहत दिलाई। पंजाब की तरफ से संदीप शर्मा ने 3 जबकि तरुवर कोहली और स्पिनर राहुल शर्मा ने 2-2 विकेट झटके। सिद्धार्थ कौल और राजविंदर गोलू को 1-1 विकेट मिला।
गुरकीरत मान ने खेली 49 रन की पारी
जवाब में पंजाब की शुरूआत खराब रही और फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज रवि इंदर सिंह 13 रन बना कर पवेलियन लौट गए। दूसरे छोर पर चंदन मदान और गुरकीरत सिंह ने पारी को संभाला और 58 रन की साझेदारी की। मदान 38 रन बना कर रविकांत की गेंद पर सुखीजा को कैच दे बैठे। गुरकीरत ने 75 गेंदों में 4 चौके लगाते हुए 49 रन बनाए।
निचले क्रम में मयंक सिदाना ने 31 गेंद में नाबाद 43 और तरुवर कोहली ने 25 रन बना कर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी। सर्विसेज की तरफ से रविकांत शर्मा ने 2 विकेट लिए। इस जीत के साथ ही पंजाब के 4 मैचों से कुल 11 अंक हो गए हैं। पंजाब को अपना अंतिम मैच मेजबान हिमाचल के खिलाफ खेलना है।