मंडी .शॉपिंग कांप्लेक्स इंदिरा मार्केट नए साल में नए रूप में नजर आएगी। इसके सौंदर्यीकरण का काम एक माह में शुरू हो जाएगा। इस बारे में टेंडर जारी हो गए हैं और ठेकेदार को एक माह के भीतर काम शुरू करने का अल्टीमेटम दिया गया है। नववर्ष में इसका पूरा रंग-रोगन किया जाएगा। इसके अलावा टूटी रेलिंग को ठीक किया जाएगा। मार्केट के अंदर खराब पड़ी लाइट्स को भी ठीक किया जाएगा। साथ में शौचालयों की व्यवस्था को ठीक किया जाएगा। छत से हो रही लीकेज को भी ठीक किए जाने की संभावना है।
एक साल पहले दिया 25 लाख: पर्यटन विभाग ने एक साल पहले इसके सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख प्रदान किए हैं। काम शुरू नहीं हो पाया। सितंबर माह में नगर परिषद ने टेंडर भी अवार्ड कर दिए थे। ठेकेदार ने काम करने से मना कर दिया। ऐसे में सौंदर्यीकरण करने की कवायद लटक गई थी।
30 अप्रैल से हटाई पार्किग: हालांकि मार्केट पर की जा रही पार्किग को इस साल 30 अप्रैल से हटा दिया गया है। साथ में रेहड़ियां भी हटा दी गई। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि यहां पर सौंदर्यीकरण का काम तेज गति से शुरू होगा। काम शुरू न हो पाने से यह कवायद लटक गई थी। पहले यहां पर निजी वाहन खड़े रहते थे और लोक निर्माण विभाग ने भी पार्किग को इसके लिए खतरा बताया था। छत से पानी आने के कारण इसकी मरम्मत जरूरी हो गई थी। इस पर काम करने के लिए भी पार्किग हटाना जरूरी हो गया था।
परिसर में 234 दुकानें
दो मंजिला शॉपिंग कॉम्पलेक्स में 234 दुकानें हैं। एक बैंक परिसर, एटीएम और 4 शौचालय हैं। 1993 में इसका निर्माण शुरू हुआ और 1995 में इसका निमाण पूरा कर लिया गया। इससे शहर की खूबसूरती दोगुनी होती है। इसके चारों कोनों पर चाय की दुकानें हैं। शौचालयों की हालत खस्ता होने व लाइट्स खराब होने के कारण व्यापारियों सहित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।