राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
बुटेल बने निर्विरोध प्रदेश के 15वें विधानसभा अध्यक्ष
भास्कर न्यूज
| Jan 10, 2013, 06:45AM IST

धर्मशाला। शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन में मेजों की थपथपाहट में 12वीं विधानसभा के लिए पालमपुर के विधायक बृज बिहारी बुटेल निर्विरोध प्रदेश के 15वें विधानसभा अध्यक्ष चुने गए।
प्रोटेम स्पीकर मनसा राम ने शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्रवाई आरंभ करते हुए सदन में अध्यक्ष चुनाव के लिए तीन प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
सर्वप्रथम मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए बृज बिहारी बुटेल के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सुजान सिंह पठानिया ने समर्थन किया। इसके बाद विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन सतपाल सत्ती ने किया। विद्या स्टोक्स ने भी इसी तरह प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन सुधीर शर्मा ने किया।
प्रथम प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने समर्थन किया जिस पर बृज बिहारी बुटेल को विधानसभा अध्यक्ष घोषित किया गया। प्रोटेम स्पीकर की ओर से बृज बिहारी बुटेल के नाम की विधानसभा अध्यक्ष के रूप में घोषणा करने पर सभी सदस्यों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने परंपरा का निर्वाहन करते हुए बृज बिहारी बुटेल को विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचाया।
बिना भेदभाव निभाऊंगा कर्तव्य
विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल, मंत्रिमंडल के सदस्यगण, पक्ष व विपक्ष के सदस्यगणों का मुझे सर्वसम्मति से सदन का अध्यक्ष चुनने पर मैं सभी का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं। मैं इस सदन को आश्वासन देता हूं कि मैं अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक, ईमानदारी व बिना किसी भेदभाव के निर्वाहन करूंगा।
‘मैं भी हूं’
हिलोपा के विधायक महेश्वर सिंह ने बृज बिहारी बुटेल को बधाई देते हुए कहा कि आपका राजनीतिक क्षेत्र में बहुत लंबा अनुभव है। हमें आशा ही नहीं, अपितु पूर्ण विश्वास है जैसे सर्वविदित है सदन में दो बड़े दल बैठे हैं। आपकी दिव्य दृष्टि हम पर भी पड़ती रहेगी और हमें भी बोलने का अवसर मिलेगा।
पद की गरिमा को बनाए रखेंगे
वीरभद्र सिंह ने इस मौके पर कहा कि मैं कांग्रेस विधायक दल की ओर से विधानसभा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चयनित होने पर बुटेल को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि बुटेल पालमपुर के एक गरिमामय परिवार से संबंधित हैं। इनके स्वर्गीय पिता बंसी लाल क्षेत्र के जाने-माने व्यक्ति थे, जिनका पालमपुर के सामाजिक व आर्थिक विकास में अहम योगदान रहा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि बुटेल अपने गुणों के आधार पर इस पद की गरिमा को बनाए रखते हुए बखूबी अपनी जिम्मेवारियों का निर्वाहन करेंगे।
बुटेल वर्ष 1985 में पहली मर्तबा विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए, इसके बाद वर्ष 1993,1998, 2003 और वर्ष 2012 में पुन: निर्वाचित हुए। वर्ष 1995 में मुख्य संसदीय सचिव के पद पर रहते हुए आपने सरकार के विभिन्न विभागों में सेवाएं दी। वर्ष 2003 में प्रदेश मंत्रिमंडल में राजस्व मंत्री रहे तथा वर्ष 2004 में आपने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के रूप में कार्य किया।
निष्पक्ष देंगे सभी को न्याय
विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि अध्यक्ष महोदय आज सर्वसम्मति से आपको विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है। मैं सभी विधायकों की ओर से आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आप गरिमामयी चेयर पर बैठे हैं, जो विश्वास हम सबने मिलकर आपमें व्यक्त किया है, आप भी निष्पक्ष व निडर अध्यक्ष के तौर पर सभी सदस्यों को न्याय देंगे।
हाईकमान का धन्यवादी
स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि आपको सर्वसम्मति से सदन का अध्यक्ष चुने जाने के लिए सदस्यों की तरफ से बधाई देता हूं और कांग्रेस हाईकमान का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने आपका इस पद के लिए चयन किया। मुख्यमंत्री का भी धन्यवाद करना चाहता हूं, जिनकी वजह से आपका सर्वसम्मति से चयन किया गया।







