लाहौर.लाहौर में एक इमारत बॉयलर में विस्फोट होने से ढह गई। इससे तीन महिलाओं और दो बच्चों समेत 11 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 60 अन्य के मलबे में फंसने का अंदेशा जताया जा रहा है। इस इमारत में पशु उपचार औषधि बनाने वाली एक फैक्टरी थी।
सोमवार को हुए इस हादसे में मरने वाले सभी 11 लोग फैक्टरी के श्रमिक हैं। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक राहत एवं बचाव दल के प्रवक्ता करामत अली ने बताया कि फैक्टरी का ज्यादातर हिस्सा बैठ गया है। उसके मलबे में करीब 60 कामगार फंसे हुए थे।
अली ने बताया कि राहत दलों व स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे 11 शव बाहर निकाल लिए हैं। नौ घायलों को भी बाहर निकाल लिया गया है।
समय गुजरने के साथ मरने वालों की संख्या में इजाफा होने का अंदेशा है। लाहौर जिला प्रशासन प्रमुख अहद चीमा ने बताया कि ओरिएंट प्राइवेट लिमिटेड की स्वामित्व वाली फैक्टरी को कुछ समय पहले सील कर दिया गया था।
मामले में पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।