पाकिस्तान के पेशावर एयरपोर्ट पर आतंकी हमला, 5 मरे, 40 घायल
एजेंसी
| Dec 16, 2012, 07:19AM IST

पेशावर। पाकिस्तान में पेशावर एयरपोर्ट पर शनिवार रात को आतंकी हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। एयरपोर्ट पर पांच रॉकेट दागे जाने की खबर है। इसमें करीब 42 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बाचा खान एयरपोर्ट, यूनिवर्सिटी टाउन और रिहायशी इलाके में रात नौ बजे पांच राकेट गिरे। तीन रॉकेट एयरपोर्ट के बाउंड्री वाल के करीब गिरे। इससे कई जगह आग लग गई है। दो रॉकेट रिहायशी इलाके में गिरे। राकेट दागे जाने के बाद एयरपोर्ट के करीब फायरिंग भी हुई। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग की।
एयरपोर्ट सील : सुरक्षाबलों ने हमले के तुरंत बाद एयरपोर्ट सील कर दिया है। यहां तक पहुंचने वाले सभी रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं। बाचा खान एयरपोर्ट के करीब एक और हवाई अड्डा है। उसे भी बंद कर दिया गया है। हमले से ठीक पहले बाचा खान एयरपोर्ट से पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरवेज का यात्री विमान सऊदी अरब के लिए उड़ान भरने वाला था। अगले आदेश तक सहित सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
कबीलाई इलाके से दागे गए रॉकेट : अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रॉकेट किसने और कहां से दागे। लेकिन सूत्रों के मुताबिक रॉकेट कबीलाई इलाकों से दागे गए। आमतौर पर तालिबान आतंकी ऐसे हमले करते हैं। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के वरिष्ठ मंत्री बशीर बिलौर ने हमले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हमले के स्थान पर एक गाड़ी में आग लगी है। उधर, खैबर टीचिंग हॉस्पिटल ने पांच लोगों की मौत और 42 घायलों की पुष्टि की है। अस्पताल के एक अधिकारी ने 'जियो न्यूज' को बताया, 'घायलों को गोलियां और छर्रे लगे हैं। कुछ की हालत गंभीर है।'






