दमिश्क। सीरिया की राजधानी दमिश्क में हुए एक कार बम धमाके में 53 लोगों की मौत हो गई है और करीब 200 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस धमाके की वजह से चौराहे का एक हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। सीरिया के एक टीवी चैनल ने बताया कि धमाका एक व्यस्त हाई-वे पर बाथ पार्टी और रशियन एंबेसी के नजदीक हुआ।
धमाके के बाद प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने बम से लदी एक कार को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस हमले का असर धमाके की जगह से 2 किलोमीटर दूर तक दिखा। धमाके के बाद आस-पास के घरों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के शीशे भी चटक गए।
टेलीविजन पर बहुत सारी जली हुई लाशें पूरी गली में बिखरी पड़ी दिखाई गई हैं। मीडिया का कहना है कि आतंकवादियों के द्वारा यह एक आत्मघाती बम हमला था। पूरे देश में पिछले 2 सालों से अशांति और सिविल वार के कारण लगभग 70 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।
राजधानी के कुछ दक्षिणी और पूर्वी जिले विद्रोहियों के कंट्रोल में हैं। इन विद्रोहियों ने लगभग 1 महीने पहले ही असद के पावर बेस पर हमला किया था और पिछले साल भी इस तरह के कई बम धमाकों को अंजाम दिया था। अल कायदा से जुड़े एक विद्रोही ग्रुप जमात-अल-नुस्रा ने भी दमिश्क में हुए कुछ बम धमाकों की जिम्मेदारी ली है। जमात-अल-नुस्रा के अनुसार दमिश्क में फरवरी माह के शुरुआती 15 दिनों में लगभग 17 हमलों को अजांम दिया गया, जिसमें 7 बम धमाके भी शामिल हैं।
देखें तस्वीरें...