एक चीनी पिता द्वारा अपने चार साल के बेटे को जबरदस्ती कड़ाके की ठण्ड में दौड़ते और पुश अप्स करते हुए वीडियो को ऑनलाइन पोस्ट किए जाने के बाद लोगों ने तीव्र प्रतिक्रियाएं दी हैं।
इस वीडियो को न्यूयार्क में चीनी नए साल की पूर्व संध्या पर फिल्माया गया है। इस वीडियो में एक व्यक्ति जिसकी पहचान 'इगल डैडी' के रूप में हुई है,अपने बेटे हो ईडे को सिर्फ अंडरवियर में -13 डिग्री तापमान में दौड़ने और बर्फीली जमीं पर पुश अप्स करने के लिए मजबूर करता है। ठण्ड से बुरी तरह कांपता बच्चा अपने पिता से रोते हुए गले लगाने को कहता है पर उसके पिता पर कोई असर नहीं होता है।
बच्चा इधर-उधर देखते हुए दौड़ना शुरू करता और उसका बाप इसे फिल्मता हुआ आगे बढ़ता है।
करीब पांच मिनट तक दौड़ने के बाद हो ईडे को उसका पिता बर्फीले जमीन पर पुश अप्स करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
इस दौरान बच्चा अपनी मां से भी गुहार लगता है। लेकिन निर्दयी मां भी उसकी एक नहीं सुनती है और हंसते हुए उसे कड़ाके की ठण्ड को अनुभव करने के लिए प्रोत्साहित करती रहती है।
बच्चे के पिता ने वीडियो को अपलोड कर अपने ऑनलाइन पोस्ट में लिखा है कि उनके बेटे का समय पूर्व जन्म हुआ था और डॉक्टरों ने कहा था कि उसे आगे विकास सम्बन्धी दिक्कतें आएंगी। इससे मुकाबला करने के लिए मैंने उसे कड़ी शिक्षा देने की सोंची ताकि वह हेल्दी तरीके से बड़ा हो।
इस वीडियो को अब तक हज़ारों लोगों ने वीडियो शेयरिंग वेबसाइट्स के माध्यम से देख चुके हैं और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है।
एक यूजर ने अपने ऑनलाइन पोस्ट में लिखा है 'मुझे लगता है जब आप चार साल के थे तब आपका दिमाग जम गया था। क्या कभी आप ठन्डे मौसम में अंडरवियर में दौड़े थे जब आप चार साल के थे?'
जबकि एक दूसरे यूजर ने कहा 'यह बहुत नीच काम है। यह बहुत गैरजिम्मेदाराना है।! इस मासूम को देखकर लगता है मानो वह पास से गुजरने वालों से कह रहा हो मुझे बचा लो।'
इस बच्चे के पिता के निजी सहायक, जिसका सरनेम शिन है,एएफपी को बताया,' हो ईडे पिछले महीने चीनी लूनर नए साल की छुट्टियों के दौरान न्यू यार्क में अपने परिवार के साथ था।'
शिन ने फ़ोन पर बताया 'दौड़ने के पहले बच्चे ने हामी भरी थी और उसने अपने आपको गर्म करने के लिए आधे घंटे धीमी गति से दौड़ लगाई थी। इस बच्चे को बचपन से ही हर तरह की ट्रेनिंग दी गई है। जब यह सिर्फ एक साल का था तबसे इसने 21 डिग्री तापमान में तैरना शुरू कर दिया था।'
सुश्री शिन ने बताया कि बच्चे का जन्म समय से पहले हो गया था। उसे कई स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याएं भी थी। उसके दिमाग में पानी भी था। डॉक्टरों ने इसे देखते हुए कहा था कि उसे सेरेब्रल पाल्सी हो सकता है।
शिन ने बताया 'हो ईडे के पिता वीडियो को नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलने से चिंतित नहीं है। उन्होंने कहा 'उनका कहना है कि दूसरे क्या कहते है इस बात की उन्हें परवाह नहीं है..सच्चाई यह है कि बच्चा जिन्दा है जो दिखता है कि उसके पास दृढ़ जीवन शक्ति है।'
Related Articles: