अफगानिस्तान में लैंडमाइन में धमाका, 10 लड़कियों की मौत
Agency
| Dec 17, 2012, 14:18PM IST

काबुल. अफगानिस्तान में एक लैंडमाइन में विस्फोट होने से करीब 10 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। यह हादसा पूर्वी अफगानिस्तान के नानगढ़ प्रांत में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में सभी नौ से 11 साल की लड़कियां थीं। यह सभी आग जलाने के लिए लकड़ियां इकट्ठा कर रही थीं। संभवत: कुल्हाड़ी से जमीन पर चोट करने के दौरान यह धमाका हुआ होगा।
इसी बीच, राजधानी काबुल में भी हुए जबरदस्त बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। यह धमाका उस सड़क पर हुआ, जहां कई विदेशी सेनाओं के अड्डे मौजूद हैं। काबुल के पुलिस विभाग प्रमुख अयूब सालांगी ने बताया कि यह धमाका एक छोटे से ट्रक में विस्फोटक सामग्री रख कर किया गया था।
गौरतलब है कि इस इलाके में नाटो सैनिकों और तालिबान, उनके सहयोगी और हक्कानी नेटवर्क के बीच बड़ी जंग चल रही है। ऐसे समय में जब 2014 में अफगानिस्तान से नाटो फौज की वापसी होनी हैं। अफगानिस्तान में हालत दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं।






